मुख्यमंत्री, मंत्रियों सहित छत्तीसगढ़ दौड़ेगा वर्चुअल मैराथन में
पायनियर संवाददाता-रायपुर
छत्तीसगढ़ में नई सरकार के दो साल पूरा होने पर 13 दिसम्बर को वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने वाले इस वर्चुअल मैराथन दौड़ को लेकर लोगों में बहुत उत्साह है और अब तक 70 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाईन पंजीयन करा लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य सरकार के मंत्री, संसदीय सचिव, विधायक सहित छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से लोग इस वर्चुअल मैराथन में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वर्चुअल मैराथन में भाग लेने की अपील की है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने भी प्रदेशवासियों से वर्चुअल मैराथन में भाग लेकर इसे अविस्मरणीय बनाने की अपील की है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस वर्चुअल मैराथन दौड़ के प्रतिभागी कहीं भी समूह के रूप में एकत्रित नहीं होंगे। प्रतिभागी घर, उद्यान, मैदान, सड़क या अन्य किसी सुरक्षित स्थान पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दौडेंगे और दौडते हुए कुछ सेकेण्ड का वीडियो अथवा फोटो 13 दिसम्बर को सबेरे 6 बजे से 11 बजे तक हैशटैग के साथ फेसबुक व ट्वीटर पर अपलोड कर सकेंगे। वर्चुअल मैराथन में प्रदेशवासियों से कोविड-19 के नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन लिंक में वर्चुअल मैराथन दौड़ के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अधिकृत लोगो एवं स्लोगन की तस्वीर भी ऑनलाईन उपलब्ध है। वर्चुअल मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागी प्रिंटआउट निकालकर अपने सफेद रंग की टी-शर्ट पर चिपकाकर दौड़ते हुए वीडियो और फोटो लेकर हैशटैग कर सकते हैं।
वर्चुअल मैराथन में भाग लेने राजस्व मंत्री ने प्रदेशवासियों से की अपील : छत्तीसगढ़ में नई सरकार के दो साल पूरा होने पर 13 दिसम्बर को वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया गया है। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से वर्चुअल मैराथन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार के 17 दिसम्बर को दो वर्ष पूरे हो रहे है। दो वर्ष की उपलब्धियों जानने, रन विथ छत्तीसगढ़ का आयोजन किया गया है। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए 13 दिसम्बर को सवेरे 6 बजे से 11 बजे तक वर्चुअल मैराथन में दौडऩे के लिए प्रदेशवासियों से आग्रह किया है। इसका आयोजन राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग द्वारा किया गया है।
मंत्री सिंहदेव रेडियो पर श्रोताओं के सवालों के देंगे जवाब
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव रेडियो पर 13 दिसम्बर को प्रसारित होने वाले हमर ग्रामसभा कार्यक्रम में श्रोताओं के सवालों के जवाब देंगे। वे शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक आकाशवाणी रायपुर से प्रसारित इस विशेष कार्यक्रम में व्हाट्सएप के माध्यम से श्रोताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे। संहदेव कार्यक्रम में राज्य शासन की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में श्रोताओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगे। कार्यक्रम को मीडियम वेब 981 किलोहर्ट्ज पर सुना जा सकता है। प्रदेश में स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र एक साथ इस कार्यक्रम को रिले करेंगे।

More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)