May 7, 2024

रायपुर जिले में लक्ष्य के करीब पहुंची धान खरीदी, प्रदेश में खरीदी का आज अंतिम दिन

रायपुर। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सोमवार को अंतिम दिन है। इस साल शासन ने रिकार्ड धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। उसके मुताबिक खरीदी हो रही है। रायपुर जिले में इस साल धान बेचने के लिए एक लाख 28 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था। धान खरीदने का लक्ष्य पांच लाख 30 हजार मीट्रिक टन था। इसमें अभी तक एक लाख 22 हजार किसान धान बेच चुके, जबकि कुल खरीदी अभी पांच लाख सात हजार 996 मीट्रिक टन हुई है, जो लक्ष्य के करीब है।

रायपुर जिले में सोमवार को पूरी तरह से धान तौलाई आदि पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए पूरी व्यवस्था पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि खरीदी के बाद सोसाइटियों में केवल उठाव करना बाकी रह जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस साल बेमौसम बारिश की वजह से शासन ने एक सप्ताह आगे धान खरीदी की तारीख बढ़ाई है। पहले 31 जनवरी तक धान खरीदी की जानी थी। बताया जा रहा है कि रायपुर जिले में पिछले साल से अधिक धान खरीदी हुई है। वहीं ज्यादातर किसान जनवरी माह में ही धान बेच चुके थे। इसे देखते हुए फिलहाल जिलों में जितना टोकन बांटा गया है, उन किसानों के धान की खरीदी सोमवार को की जाएगी।

बेमौसम बारिश से किसान हुए परेशान

प्रदेश में बेमौसम बारिश होने के कारण किसान पूरे सीजन परेशान नजर आए। शुरुआत में धान कटाई के समय दो से तीन बारिश हो गई। इसका प्रभाव धान कटाई पर पड़ा। कुछ ही दिनों के बाद फिर बारिश हो गई, जो धान की कटाई कर चुके किसानों के लिए आफत बनकर आई। घर, कोठार, खेत में रखे धान भीग गए। वहीं जनवरी माह बारिश से सोसाइटियों में रखा धान भीगा ही, किसानों को भी फिर से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

Spread the love