पायनियर संवाददाता .रायपुर
कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा का सोमवार को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे श्री वोरा ने दिल्ली के फोर्टिंस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह वर्ष 2000 से 2018 तक पार्टी के कोषाध्यक्ष रहे। श्री वोरा का कल 20 दिसंबर को 93वां जन्मदिन था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण श्री वोरा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वह उत्तरप्रदेश के राज्यपाल भी रहे थे। वह राज्यसभा के सदस्य भी रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री वोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अनुभवी संगठनकर्ता और प्रशासक बताया है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने श्री वोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री गांधी ने कहा कि श्री वोरा सच्चे कांग्रेसी और बेहतर इंसान थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी। श्री गांधी ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। श्री गांधी ने एक ट्वीट में कहा, वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। हमें उनकी कमी खलेगी। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री वोरा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह एक सौम्य एवं अनुभवी राजनेता के रूप में सभी दलों में सम्मान पाते थे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य नेताओं ने श्री वोरा के निधन पर दुख व्यक्त किया है। श्री वोरा गांधी परिवार के बेहद करीबी माना जाता था। श्री वोरा वर्ष 1970 में कांग्रेस में शामिल हुए और वर्ष 1972 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद 1977 और 1980 में भी विधायक चुने गए। श्री वोरा का जन्म 20 दिसम्बर 1928 को हुआ।
तीन दिवस का राजकीय शोक
रायपुर। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के 21 दिसम्बर को दुखद निधन पर छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य में 21 दिसम्बर से 23 दिसम्बर तक तीन दिवस का राजकीय शोक घोषित किया है। राजकीय शोक की अवधि में राज्य में स्थित समस्त शासकीय भवनों और जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं वहां पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे तथा शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किये जाएंगे। राज्य शासन द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि श्री वोरा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन से सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है।
राज्यपाल ने गहरा दुख व्यक्त किया
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने कहा कि स्व. श्री वोरा ने सार्वजनिक जीवन में उच्च मानदंड स्थापित किए। वे मृदुभाषी और सरल, सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे। वे अंतिम समय तक समाज के लिए कार्य करते रहे और उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है।
विधान सभा अध्यक्ष ने शोक व्यक्त किया
छत्तीसगढ़ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है । अपने शोक संदेश में डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मोतीलाल वोरा प्रदेश एवं देश के सर्वमान्य नेता थे । श्री वोरा ने सदैव किसानों, गरीबों और आदिवासियों के उत्थान के लिए प्रयास किया ।
मुख्यमंत्री भूपेश ने दी श्रद्धांजलि
अविभाजित मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश में राज्यपाल रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री मोतीलाल वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री बघेल ने कहा है कि बाबूजी श्री मोतीलाल वोरा जी का जाना न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे कांग्रेस परिवार के लिए एक अभिभावक के चले जाने जैसा है।
More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)