June 14, 2025

ठंड से बचाने अलाव जलाएंगे, गोकाष्ठ और कंडे का करेंगे इस्तेमाल

ठंड के मौसम में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल एवं बाजार क्षेत्र में होगी व्यवस्था

पायनियर संवाददाता-रायपुर

ठंड से ठिठुरते शहरवासियों को बचाने नगर निगम अलाव जलाने के लिए इस बार गोबर से बनी लकड़ी और गोठान में बने कंडे का उपयोग करेगा। इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों को उनके जोन के गोठान से गोकाष्ठ एवं गोबर से बने कंडों की खरीदारी करने कहा गया है। गोधन न्याय योजना में महिला समूहों द्वारा दस जोन में गोबर खरीदी केंद्रों में कंडा, गोबर से लकड़ी यानी गोकाष्ठ तैयार की जा रही है। अब इन उत्पादों को जोन स्तर पर खरीदी कर ठंड के मौसम में गरमाहट देने की पहल निगम प्रशासन के निर्देश पर की जाएगी। ठंड के मौसम में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल एवं बाजार क्षेत्रों में मुसाफिरों को सर्द हवाओं से बचाने नगर निगम इस बार गोठान में महिला समूहों द्वारा निर्मित गोबर से बनी लकड़ी एवं कंडों का इस्तेमाल करेगा। इको फ्रेंडली इन उत्पादों के उपयोग से जहां आम जनता को ठिठुरन भरी ठंड से निजात मिलेगी।
गोबर की खरीदी की जा रही है वहीं गोबर से बनी लकड़ी और कंडे का अलाव जलाने में उपयोग होने से महिला समूहों उनक द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय से निर्धारित राशि मिलने लगेगी। नगर निगम आयुक्त सौरभ कुमार के निर्देश पर सभी 10 जोन के गोठान का जिम्मा संभाल रहे महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से संबल मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप शहर में गोधन न्याय योजना के तहत नगर नगर निगम के दस जोन में 9 गोबर खरीदी केंद्र के माध्यम से शहर के 70 वार्डों में पशुपालकों, ग्रामीणों एवं महिला समूहों से 2 रुपए प्रति किलो की दर से गोबर की खरीदी की जा रही है। हितग्राहियों को गोबर विक्रय के बाद निर्धारित राशि उनके बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर करने की व्यवस्था की गई है।

  • अलाव की व्यवस्था जल्द निगम आयुक्त के निर्देश पर गोठान में महिलाओं द्वारा गोबर से निर्मित लकड़ी यानी गोकाष्ठ एवं कंडों का उपयोग अलाव जलाने के लिए इस बार किया जाएगा। इससे महिला समूहों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने में मदद मिलेगी।
    – चंदन शर्मा, कमिश्नर, जोन क्रमांक 5 छत्तीसगढ़
Spread the love