June 16, 2025

तुगलकशाही और घुसखोरी के चलते किसान हताश आत्महत्या करने को मजबूर : विष्णुदेव साय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय का प्रदेश सरकार पर तीखा हमला

पायनियर संवाददाता-रायपुर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव जिले के घुमका धान खरीदी केंद्र में हुई किसान की मौत को लेकर एक बार फिर प्रदेश सरकार को ललकारा है और कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब पूरी तरह एक बड़ी राजनीतिक आपदा बनकर किसानों के जीवन में जहर बरपाने पर उतारू हो गई है। साय ने प्रदेश सरकार को किसानों की हत्यारी सरकार बताते हुए कहा कि इस संवेदनहीन और अन्यायी सरकार को तुरंत सत्ता से अलग हो जाना चाहिए। प्रदेश में तुगलकशाही और घूसखोरी के चलते हताश और निराश किसानों, बेरोजगार युवकों और गरीब-मजदूरों को आत्महत्या के लिए विवश होना पड़ रहा है और अब राजनांदगाँव के घुमका खरीदी केंद्र में तो सरकार और उसके भ्रष्ट तंत्र ने एक किसान को मौत के घाट ही उतार दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि धान खरीदी के नाम पर प्रदेश सरकार के दावों का जमीनी सच यही है कि प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष धान बेचने वाले किसानों को खन के आँसू रुलाए थे, लेकिन इस वर्ष तो वह किसानों की जान की दुश्मन बनकर उन्हें या तो खुदकुशी के लिए मजबूर कर रही है या फिर उसका भ्रष्ट तंत्र किसानों को मौत के मुँह में धकेल रहा है। साय ने पूछा कि धान खरीदी केंद्रों में पुख््ता इंतजाम का शोर मचा रहे प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री, उनके मंत्री और कांग्रेस के नेता बताएँ कि क्या धान तौलने के लिए घूस मांगने के पख््ता इंतजाम इन खरीदी केंद्रों में किए गए हैं, जहाँ किसानों को इतना प्रताडि़त किया जा रहा है कि बिना पैसे लिए किसानों के धान की तौलाई और खरीदी नहीं हो रही है और किसान सदमे से अकाल काल के गाल में जा रहा है। साय ने कहा कि घुमका खरीदी केंद्र में पहुँचे गिधवा निवासी किसान करण वल्द टिभन साहू (55) के जिन 23 कट्टा धान को खराब बताकर खरीदने व तौलने से इंकार किया गया था, किसान की मौत के बाद उसे निर्धारित मापदंडों में सही पाया गया है तो अब प्रदेश सरकार किसान की इस मौत की जिम्मेदारी खुद लेकर प्रदेश के किसानों से बिना शर्त माफी मांगते हुए न केवल इस मामले की जाँच कराने और दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने के पुख्ता इंतजाम करे, बल्कि अपने निकम्मेपन और किसानों की जान से खिलवाड़ करने के लिए तुरंत सत्ता छोड़े।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रलाप करते हुए भाजपा नेताओं को दोगला बताने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले अपने राजनीतिक चरित्र पर नजर डालें क्योंकि गिरदावरी का आदेश उन्होंने ही दिया था और अब अपनी चमड़ी बचाने के लिए इसे वापस लेने की घोषणा करके असली दोगलापन तो खुद वे ही प्रदर्शित कर रहे हैं। वनाधिकार पट्टाशुदा आदिवासी किसानों का धान खरीदने का ढोल पीटकर अब इन आदिवासी किसानों को धान खरीदने से मना कर उन्हें बेरंग लौटाया जाना इस सरकार का दोगलापन है। साय ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल एक बार फिर प्रदेश के किसानों को भ्रमित करने में लगे हैं। अब प्रदेश में किसानों की आत्महत्या और मौत का कलंक धोने की गरज में प्रदेश सरकार अपनी मासूमियत का शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता और किसान अब मुख्यमंत्री के इन झाँसों में नहीं आने वाले हैं। साय ने कहा कि बेरोजगार युवकों, किसानों और आर्थिक तंगहाली से संत्रस्त गरीब-मजदूरों ने आत्महत्या की तो प्रदेश सरकार उन्हें अपनी प्रशासनिक मशीनरी को झोंककर पागल, नशेड़ी, अवसादग्रस्त बताती रही, पर अब मुख्यमंत्री बताएँ कि घुमका खरीदी केंद्र में हुई किसान की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है? कांग्रेस के बड़बोले छुटभैये नेताओं से बनी निगरानी समितियाँ क्या इसी घूस के पैसों में अपनी हिस्सेदारी के लिए खरीदी केंद्रों में जब-तब मंडराती नजर आती हैं? जिनको कृषि कानूनों का क-ख-ग पता नहीं है, वे कृषि कानूनों पर झूठ और नफरत की सियासत कर केंद्र सरकार को नसीहतें देने का दुस्साहस कर रहे हैं लेकिन अपने राज्य में किसानों की दशा को लेकर उनकी संवेदना को काठ मार जाता है।

Spread the love