May 10, 2026

रेत माफियाओं ने तहसीलदार और उनकी टीम पर किया जानलेवा हमला

पायनियर संवाददाता .जशपुरनगर
रेत का मामला जिले में यूपी और बिहार के तर्ज पर सुर्खियों में आता जा रहा है। यहां भी रेत माफिया कभी पट्टेदार से भिड़ रहे हैं तो कभी शासकीय कर्मचारियों पर ही जानलेवा हमला कर रहे हैं। शुक्रवार को रेत माफियाओं ने नायब तहसीलदार और उनके साथ क्षेत्र का भ्रमण कर रहे कार्यालय के कर्मचारी पर जान लेवा हमला कर दिया गया। कर्मचारी तो लहू लुहान हो गया नायब तहसीलदार बाल-बाल बचे। घटना जिले के फरसाबहार विकासखंड के तुमला थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक नायब तहसीलदार के द्वारा जारी बयान में यह बताया गया कि रोजाना की तरह शुक्रवार को वे अपनी शासकीय गाड़ी से कोल्हेनझरिया से ई कोर्ट का संचालन कर वापस लौट रहे थे। उसी दरम्यान रास्ते में हाथीबेड़ के आसपास नदी से एक ट्रेक्टर रेत लेकर निकल रहा था। नायब तहसीलदार ने उसे रूकने के लिए कहा पर वह नहीं रूका टे्रक्टर को रोकने के लिए नायब तहसीलदार के साथ सफर कर रहे भृत्य श्रवण यादव रोकने के लिए गया इस दौरान वाहन में बैठे युवकों से श्रणव से बहस हो गई और यह बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई और फिर जान लेवा हमला का रूप ले लिया।
फिल्मी अंदाज में हुई मारपीट
नायब तहसीलदार सुनील गुप्ता की जुबानी और घायल श्रवण यादव की रिपोर्ट के मुताबिक जिस स्थान पर ट्रेक्टर की जांच के लिए उसे रोककर लड़ाई की शुरूआत हुई वहां स्थिति को देखकर नायब तहसीलदार अपनी टीम को लेकर रवाना हो गए। कुछ दूर पहुंचे ही थे कि अचानक तुमला थाना क्षेत्र के दलटोली के पास एक व्हाईट स्कॉर्पियो बिलकुल फिल्मी अंदाज में सड़क पर खड़ी थी वह गाड़ी जोरंडाझरिया निवासी व क्षेत्र के बीडीसी कृष्णा यादव की थी दरअसल तहसीलदार गुप्ता ने मामले की जानकारी बीडीसी को दी थी। बीडीसी ने उन्हें मौके पर रूकने के लिए कहा था पर वे अप्रिय घटना का आभाष कर वहां से निकल गए थे। पर कृष्णा यादव अपने साथ नंदलाल यादव और नरसिंह यादव के साथ २०-२५ लोगों को लेकर पहुंचे और नायब तहसीलदार को घेर लिया। उनकी गाड़ी से श्रवण नायक को उतारकर उसे बेदम मारा गया और नायब तहसीलदार को भी गाली गलौज करते हुए थप्पड़ मारा गया जिससे वे नीचे दलदली खेत में गिर गए।
बीडीसी यादव पर जुर्म दर्ज
नायब तहसीलदार के कार्यालय में पदस्थ श्रवण नायक की शिकायत पर बीडीसी कृष्णा यादव, नंदलाल यादव और नरसिंह यादव के खिलाफ धारा १४८, १८६, २९४, ३०७, ३२३, ३४१, ३५३, और ५०६ के तहत नामजद और अन्य १२ के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक कृष्णा यादव बीजेपी समर्थित जनप्रतिनिधि है और नंदलाल व नरसिंह यादव कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं।

नायब तहसीलदार के साथ गाली-गलौज और उनके कर्मचारी के साथ जान लेवा हमला की शिकायत हुई है तीन के खिलाफ नामजद और १२ अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
-मनोज साहू, थाना प्रभारी तुमला

Spread the love