May 31, 2026

कलेक्टर महोबे पहुॅचे वनांचल ग्राम नलकसा, वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों से चर्चा कर धान के बदले अन्य फसल लेने किया प्रोत्साहित

बालोद

कलेक्टर जनमेजय महोबे डौण्डी विकासखण्ड के वनांचल ग्राम नलकसा पहुॅचें। वहॉ उन्होंने वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याए सुनी। कलेक्टर ने हितग्राहियों के खेतों में पहॅुचकर उनके द्वारा खेतों में लिए जा रहे फसलों का अवलोकन किया और उन्हें धान के बदले कोदो कुटकी तथा गन्ना, केला, पपीता, आम आदि का फसल लेने प्रोत्साहित किया। वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों ने कलेक्टर से खेतों में फसलों की सिंचाई हेतु बिजली उपलब्ध कराने की मॉग की। हितग्राहियों ने बताया कि खेतों में कुल 9 कुए हैं जिसमें पर्याप्त पानी है किंतु बिजली के अभाव में सिचाई नहीं हो पाती है। बिजली की व्यवस्था हो जाने से वे धान के बदले अन्य फसल ले सकते हैं। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को फोन से चर्चा कर हितग्राहियों के खेतों तक विद्युत खंभा लगाने हेतु सर्वे कराने और शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वसहायता द्वारा किए जा रहे मुर्गीपालन का किया अवलोकन
कलेक्टर महोबे ने ग्राम नलकसा और ग्राम तुएदंड में स्वसहायता समूह द्वारा किए जा रहे मुर्गीपालन कार्य का अवलोकन किया। समूह के सदस्यों ने कलेक्टर को बताया कि मुर्गीपालन कार्य से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है और इस कार्य को वे नियमित करना चाहते हैं। कलेक्टर ने समूह द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की और उन्हें आत्मनिर्भर बनने प्रोत्साहित किया।

हैण्डपम्प सुधार कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर महोबे ने हितग्राहियों से कहा कि उन्हें फलदार पौधरोपण के लिए पौधे व सब्जी के लिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि इन फसलों से उन्हें अतिरिक्त आमदनी होगी। उन्होंने कृषि विभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों को वन अधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों को फसल उत्पादन हेतु तकनीकी मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। कलेक्टर के पूछने पर ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शासकीय उचित मूल्य की दुकान से प्रतिमाह राशन मिल रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को रेडीटूईट दिया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा गॉव में एक हैण्डपम्प खराब होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने लेक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को हैण्डपम्प सुधार कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गॉव में कोरोना में बचाव हेतु अधिकांश लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवा लिया है। इस अवसर पर जनपद पंचायत डौण्डी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीएस राज उपस्थित थे।

Spread the love