July 1, 2025

जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी की फ़िल्म ‘मुंबई सागा’ कल हो रही स्ट्रीम

सोमवार (26 अप्रैल) को अमेज़न प्राइम वीडियो ने अपने सब्सक्राइबर्स को एक बड़ा सरप्राइज़ दिया। प्लेटफॉर्म ने अचानक घोषणा कर दी कि जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी की फ़िल्म मुंबई सागा 27 अप्रैल को अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।

बता दें, मुंबई सागा 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी, यानी थिएटर रिलीज़ के लगभग सवा महीने बाद फ़िल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप के बीच कई राज्यों में सिनेमाघर बंद कर दिये गये हैं। मुंबई सागा का निर्देशन संजय गुप्ता ने किया है और फ़िल्म में जॉन अब्राहम गैंगस्टर के रोल में हैं। वहीं, इमरान हाशमी पुलिस अफ़सर बने हैं, जो एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है। जॉन और इमरान पहली बार पर्दे पर आमने-सामने आये हैं।

मुंबई सागा में काजल अग्रवाल, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, प्रतीक बब्बर, रोहित रॉय, अमोल गुप्ते, समीर सोनी, गुलशन ग्रोवर और अंजना सुखानी विभिन्न किरदारों में नज़र आ रहे हैं। अमेज़न प्राइम द्वारा जारी स्टेटमेंट में कहा गया है कि फ़िल्म भारत समेत 240 देशों में स्ट्रीम की जाएगी।

फ़िल्म में जॉन के किरदार का नाम अमर्त्य राव और इमरान के किरदार का नाम विजय सावरकर है। इसकी कहानी 90 के दौर में सेट है, जब मुंबई का नाम बॉम्बे था। बता दें, साल 2021 में रिलीज़ हुई तकरीबन सभी फ़िल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आ चुकी हैं।

Spread the love