July 1, 2025

छत्तीसगढ़ के पर्यटन आईकॉन-सामुदायिक पर्यटन सम्मान समारोह आयोजित

 

पायनियर संवाददाता जगदलपुर

विगत 4 वर्षों से बस्तर एवं छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में सामुदायिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रोत्साहित करने के लिए अनएक्सप्लोर्ड बस्तर, ए.पी.एस., सहयोगी संस्थाएं, एक्सपर्ट्स, जिला प्रशासन और पर्यटन मंडल अग्रसर है। इनके द्वारा लगातार स्थानीय स्तर पर पर्यटन को रोजगार से जोडऩे का उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। इनके प्रयासों से अनेकों पर्यटन स्थलों पर समूहों का गठन किया गया है।

इन समूहों द्वारा निरंतर कठिन परिस्थितियों में भी बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं। इनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने व उनके मनोबल को बढ़ावा देने के लिए अनएक्सप्लोर्ड बस्तर द्वारा ‘छत्तीसगढ़ के पर्यटन आईकॉन -सामुदायिक पर्यटन के नाम पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन बारसूर पर्यटन समूह एवं अनएक्सप्लोर्ड बस्तर के तत्वाधान में बारसूर में स्थित रिवर कैंप साइट में किया गया। सर्वप्रथम सभी समुहो को बारसूर में स्थित ऐतिहासिक मंदिरों भ्रमण करवाया गया साथ ही उनके इतिहास के बारे में जानकारी दी गई।

हाल ही में संरक्षित किये जा रहे मंदिरों से भी अवगत कराया गया। जिसमें फुलपाड़ पर्यटन समूह, दंतेवाड़ा पर्यटन समूह, बारसूर पर्यटन समूह, बस्तर पर्यटन समूह, इंद्रावती पर्यटन समूह , मावा नार मावा भुम कोण्डागांव पर्यटन समूह और जबर्रा हिलर पर्यटन समूह के सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। जिसमें सभी समूह के सदस्य शामिल थे । इन्हें विभिन्न विधाओं के आधार पर प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला समूह – ढोलकल पर्यटन समूह, उत्कृष्ट साहसिक समूह – फूलपाड़ पर्यटन समूह, उत्कृष्ट खोजी समूह – इंद्रावती पर्यटन समूह,उत्कृष्ट महिला सशक्तिकरण समूह – दंतेवाड़ा पर्यटन समूह,उत्कृष्ट खाना बनाने वाला समूह – बस्तर पर्यटन समूह,विपरीत परिस्थितियों में उत्कृष्ट काम करने वाला समूह – बारसूर पर्यटन समूह, उत्कृष्ट काम करने वाला नया समूह – जबर्रा हिलर पर्यटन समूह, नए आईडिया/प्रोडक्ट लाने वाला समूह – मावा नाल मावा भुम कोंडागांव पर्यटन समूह, कोरोना काल में सबसे ज्यादा प्रभावी काम करने वाला समूह – बारसूर पर्यटन समूह,पर्यटकों के लिए सबसे खुशनुमा वातावरण बनाने वाला समूह – बस्तर पर्यटन समूह,सबसे बेहतरीन कैंप साइट – चित्रकोट एडवेंचर कैंप , सबसे बेहतरीन होमस्टे – मुचनार होमस्टे ,सबसे बेहतरीन ट्रेक – ढोलकल ट्रेक ,सबसे बेहतरीन एक्टिविटी – जबर्रा नेचर वाक , उत्कृष्ट गाइड – महिला/पुरुष – बबिता पवार/ सुकमन कश्यप, उत्कृष्ट लीडर – महिला/पुरुष – पायल मंडावी/ अंजू ठाकुर , हीरालाल कर्मा/ शुभम सिंग से सम्मानित किए गए। सम्मान समारोह के पश्चात सभी समूह के सदस्य मिलकर बारसूर रिवर कैंप साइट में कैंपिंग की और बहुत सारी एक्टिविटीज किया गया। सुबह समूह के एकजुटता को बनाए रखने के लिए विभिन्न खेल का भी आयोजन किया गया और उन्हें अनु प्रतीक प्रदान कर विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें सभी ने मिलजुल कर अपने समूह की एकजुटता का प्रदर्शन किया और पूरे समय का भरपूर से आनंद उठाया।

Spread the love