July 1, 2025

भारत बंद का छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने किया समर्थन

पायनियर संवाददाता .रायपुर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने 8 दिसंबर को किसानों भारत बंद का समर्थन करते हुए प्रदेश के सभी वर्ग, किसानों और अन्नदाताओं से बंद का साथ देने की अपील की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता, सभी मोर्चा, संगठनों, प्रकोष्ठ विभागों के लोगों को बंद को शांतिपूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए दायित्व भी सौंपा है।
मरकाम ने निर्देश दिया है कि कांग्रेस किसानों के बंद में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी। अस्पताल, एंबुलेंस, फायरब्रिगेड, दवा दुकान जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद के आव्हान से मुक्त रखा गया है। बंद का आयोजन आक्रामक लेकिन शांतिपूर्ण अहिंसक और गांधीवादी तरीके से होगा। किसानों की मांगों का कांग्रेस पूर्ण समर्थन करती है। तीनों काले किसान कानून तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाने की किसानों की मांग को कांग्रेस का पूरा समर्थन है। इन मांगों को लेकर भारत बंद किए जाने का कांग्रेस समर्थन करती है। कांग्रेस व्यापारी संगठनों और सभी संबंधितों से संपर्क करके बंद के लिये समर्थन की अपील कर रही है। मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून पूरी तरीके से किसानों के हित के खिलाफ है। किसान मांग कर रहे हैं कि इन कानून रद्द किया जाए। कांग्रेस अपील करती है। सभी लोगों से समाज के सभी वर्गों से कि वे किसानों का साथ दें और अन्न दाताओं का साथ दें और 8 दिसंबर को आहूत किए गए भारत बंद को सफल बनाएं।

पहले प्रदेश के किसानों की सुध लें, लगातार किसान कर रहें आत्महत्या : रमन
किसानों के भारत बंद को छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के समर्थन दिए जाने को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पहले प्रदेश के किसानों की सुध लें। प्रदेश में लगातार किसान आत्महत्या कर रहे है। डा. सिंह ने भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार किसान आत्महत्या कर रहे है। प्रदेश में धान खरीदी की अव्यवस्था है। न्याय योजना की राशि अब तक किसानों को नहीं मिली है ऐसे में प्रदेश कांग्रेस किसानों की हितों की बात करती है।

Spread the love