July 1, 2025

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया साफ, 35 से कम उम्र के कार्यकर्ता ही होंगे जिलाध्यक्ष

पायनियर से चर्चा के दौरान कहा, प्रदेश अध्यक्ष भी 33 की वजह से ही अध्यक्ष बने

अजय सोनी/रायपुर

भारतीय जनता पार्टी के झंडे का डंडा कहे जाने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश के सभी 28 जिलों में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति होनी है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को 35 वर्ष से कम उम्र का होने की वजह से इस पद की कमान सौंपी गई और इसी तर्ज पर प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू को भी 33 वर्षीय होने पर अध्यक्ष बनाया गया।
अब तक युवा नेताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी कि भाजयुमो का जिलाध्यक्ष 35 से कम का होगा या फिर कोई रियायत बरती जायेगी? लेकिन पायनियर से चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी जिलों में मोर्चा के अध्यक्ष 35 वर्ष से कम उम्र के युवा नेता ही बनेंगे। पंद्रह वर्षों बाद पिछले दो वर्षों से विपक्ष की भूमिका में पार्टी को मजबूत करने के लिए भाजयुमो में दो से अधिक महामंत्री बनाने के सवाल पर विष्णुदेव साय ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी के संविधान को बदला नहीं जा सकता इसलिए प्रदेश में दो ही महामंत्री बनाये जाएंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर कई महासचिव बनाये जाते हैं उसी तर्ज पर भाजपा भी खुद को मजबूत करेगी ऐसा जान पड़ रहा था लेकिन अब प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद स्थिति साफ हो चली है। 35 वर्ष की आयु सीमा को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि 35 वर्ष और उससे अधिक उम्र के युवाओं को इसीलिए पहले ही मंडलों में जवाबदारी दे दी गई है ताकि जिलाध्यक्ष पद के लिए कम उम्र के मजबूत नाम सामने आ सकेंगे।

सिस्टम नहीं बदला जाएगा, अमित भी इसीलिए अध्यक्ष बने

गौरतलब है कि विपक्ष की भूमिका में भाजपा अपने ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को साधना चाहती है जिसके लिए पदों की संख्या बढ़ानी होगी। इस विषय पर जब पायनियर ने प्रदेश अध्यक्ष से सवाल किया कि क्या कांग्रेस की तर्ज पर भाजयुमो में भी प्रदेश महामंत्री संभाग के हिसाब से अधिक बनाये जायेंगे? तो जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि किसी भी कीमत पर पार्टी के संविधान को बदला नहीं जाएगा और दो ही महामंत्री बनाये जाएंगे। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने पायनियर से चर्चा के दौरान कहा था कि जिला अध्यक्ष पद के लिए 35 वर्ष की आयु सीमा पर अभी कोई विचार नहीं किया गया है और ये बंधन शायद नहीं रहेगा। लेकिन कल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि अमित साहू खुद इसीलिए अध्यक्ष बने हैं क्यूंकि वो 35 साल से कम आयु के हैं। इसलिए सभी जिलाध्यक्ष भी 35 से कम के ही बनेंगे।

Spread the love