July 1, 2025

धान बेचने वाले किसानों को न हो कोई परेशानी : रजत बंसल

धान खरीदी केन्द्रों पर रखें सतत निगरानी

पायनियर संवाददाता-जगदलपुर

कलेक्टर रजत बंसल ने धान खरीदी के दौरान उपार्जन केन्द्रों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे धान बेचने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
कलेक्टर ने कहा कि खरीदी छत्तीसगढ़ शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है का कार्य है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी हो, इसलिए धान खरीदी के लिए टोकन अधिकतम एक सप्ताह के अवधि तक के लिए दिए जाएंगे। किसानों को जारी टोकन में उल्लेखित तारीख तक किसी कारणवश यदि कोई किसान धान नही बेच पाता है तो उन्हें पुन: नया टोकन जारी किया जाएगा। धान खरीदी के लिए आवश्यक बारदाने की व्यवस्था खरीदी के पूर्व करने के निर्देश दिए गए हैं। पीडीएस सिस्टम एवं मिलरों से प्राप्त बारदानों का भौतिक सत्यापन करा लें और धान खरीदी केन्द्रों में चबूतरा निर्माण सहित खरीदी केन्द्र के चारों तरफ सुरक्षा के लिए घेरा की व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, बारदाना, तालपतरी, कांटा-बांट सत्यापन, मास्चर मीटर, बोर्ड लगाने का कार्य खरीदी शुरू होने से पूर्व पूरा कर ऑनलाईन रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए गए। चबूतरा निर्माण का कार्य पूर्ण नही हो पाया है, वे 30 नवम्बर तक निर्माण कार्य पूरा कराएं। धान खरीदी की अवधि में बिना अनुमति के अन्य राज्यों से धान के आवक को रोकने की जिम्मेदारी का निवर्हन करने के निर्देश दिए गए। कोचियों द्वारा अन्य सीमावर्ती राज्यों से धान लाकर यहां बेचा जाता है। इसे रोकने के लिए सीमावर्ती जिलों के सीमा से लगे खरीदी केन्द्रों में विशेष निगरानी रखने और चेक पोस्ट लगाकर जांच करने के निर्देश दिए गए। चार पहिया वाहनों के अलावा मोटर सायकल पर बार-बार धान लाने वालों की भी जांच करने व अवैध धान परिवहन करते पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
कलेक्टर ने तिरिया में आयोजित विशेष जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने तिरिया ग्राम के विकास के लिए स्वीकृत सभी कार्यों की गति में भी तेजी लाए जाने पर जोर दिया। लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा खनिज न्यास निधि मद से किए जा रहे निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एजेंसियों को जिले के प्रवासी मजदूरों को निर्माण कार्यों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं को दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित जेनेरिक दवाई केन्द्रों के विकास, विकासखण्ड स्तर पर रेड क्रॉस के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीजी पोर्टल, जन चैपाल, गुहार एप्प सहित समय-सीमा के प्रकरणों का समाधानकारक निराकरण तत्काल करने के निर्देश दिए। बैठक में वन मंडलाधिकारी स्टायलो मंडावी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत चंद्रवाल, सहायक कलेक्टर रेना जमील, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

Spread the love