रायपुर के पंडरी इलाके से गिरफ्तार महिला आरोपी का पति पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के मंत्री का करीबी
पायनियर संवाददाता-राजनांदगांव
डोंगरगढ़ में सामने आए मानव तस्करी के मामले को लेकर राज्य महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक ने हरियाणा की भाजपा सरकार और छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया है। राजनांदगांव के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंची श्रीमती नायक ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के एक पूर्व मंत्री पर मानव तस्करी के आरोपियों से संबंध रखने और संरक्षण देने का बड़ा आरोप लगाया है। इसके अलावा उन्होंने इस पूरे मामले में हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए वहां की भाजपा सरकार को भी घेरने की कोशिश की। उधर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने मानव तस्करी के मामले की सूक्ष्म पड़ताल के लिए स्पेशल टीम का गठित कर दी है।
अध्यक्ष श्रीमती नायक ने कहा कि, डोंगरगढ़ की महिला ही इस गिरोह का शिकार हुई हो ये मानना गलत है। आशंका है कि इस गिरोह ने इसी तरह कई महिलाओं – युवतियों को दूसरे राज्यों में बेचा होगा। इसलिए इस मामले में गंभीर पड़ताल की जरुरत है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है और वे जांच करने वाली स्पेशल टीम से हर सप्ताह इस मामले पर अपडेट लेती रहेंगी। गौरतलब है कि मानव तस्करी के इस मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक महिला आरोपी रायपुर के पंडरी इलाके से गिरफ्तार की गई है जो कि भाजपा से जुड़ी रहीं हैं। श्रीमती नायक के इस दौरे के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे व अन्य उनके साथ मौजूद थे।
मंत्री ने दिया संरक्षण!
सीधे तौर पर भाजपा को निशाने में लेते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर से गिरफ्तार महिला आरोपी गंगा पाड़े के पति सहदेव पाड़े पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के एक पूर्व मंत्री के करीबी बताए जाते हैं। संभव है कि उक्त पूर्व मंत्री ही इन आरोपियों को संरक्षण देते रहे। उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पहले भी जिले के वनांचल की एक नाबालिग के शोषण के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के ओएसडी रहे ओपी गुप्ता जेल में हैं। इन सभी मामलों से यह समझना आसान होता है कि भाजपा सरकार के दौरान यहां क्या कुछ हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि, ऐसे गंभीर मामले भाजपा शासित प्रदेशों में ही देखने को मिल रहे हैं। डोंगरगढ़ में सामने आए मानव तस्करी के मामले में भी आरोपियों ने भाजपा शासित हरियाणा का ही रुख किया। ये काफी गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि ओपी गुप्ता पर लगे आरोपों का विषय हो या फिर मौजूदा मानव तस्करी का मामला इनके तार भाजपा से ही जुड़ते हैं और इस पूरे विषय में भाजपा किसी भी तरह की जांच या अन्य पहलुओं पर बात करने से बचती रही है।
अध्यक्ष की मांग पर गठित हुई स्पेशल टीम
इस पूरे मामले में महिला आयोग की भूमिका को लेकर श्रीमती नायक ने कहा कि, पुलिस में दर्ज मामले में महिला आयोग दखल नही देती। फिर भी हमने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वत: संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव दौरे के दौरान उन्होंने एएसपी सुरेशा चौबे व अन्य अधिकारियों से इस मामले की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कलेक्टर टीके वर्मा व पुलिस अधीक्षक डी श्रवण से भी उन्होंने चर्चा की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी के बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी से चर्चा कर स्पेशल टीम गठित करने की मांग रखी थी। इस पर शाम 5 बजे ही दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम की अगुवाई वाली एक टीम गठित कर दी है। इस टीम में सीएसपी मणीशंकर चंद्रा, निरीक्षक अलेक्जेंडर किरो, उप निरीक्षक बिलकिश चौहान, सह उप निरीक्षक बीआर बिसेन, आर. एपी शीला, आर. मनीष मानिकपुरी, आर. रावेंद्र राविक शामिल हैं।
ये अकेला मामला नहीं
आयोग की अध्यक्ष श्रीमती नायक ने शंका जाहिर करते हुए कहा कि मानव तस्करी के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय है। पुलिसिया जांच में अभी ऐसे कई और आरोपी गिरफ्तार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि गिरोह से ताल्लुक रखने वाले और सरंक्षण देने वालों में कई बड़े नाम सामने आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के फोन कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के माध्यम से जल्द से जल्द पीडि़ताओं को ट्रेस करना होगा। इसके साथ ही आरोपियों के लिंक्स भी सामने आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ की एक अकेली महिला को बेचा जाने तक ही इन आरोपियों की गतिविधियां नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच में ऐसे कई और मामले सामने आएंगे।
More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)