शक्ति प्रदर्शन से दूर रहे प्रमुख दावेदार, कोरोना प्रोटोकॉल को दी प्राथमिकता
पायनियर संवाददाता -राजनांदगांव
प्रदेश भाजयुमो के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित साहू के पहले राजनांदगांव दौरे में भाजयुमो नेताओं ने भरपूर धैर्य का परिचय दिया। अपने अध्यक्ष के स्वागत को लेकर भाजयुमो नेताओं ने अपनी तैयारियों में समझ दिखाई। इस दौरान अध्यक्ष का स्वागत ग्रामीण क्षेत्र देवादा से शुरु हुआ। इसके बाद वे मानवमंदिर चौक पहुंचे जहां उत्तर और दक्षिण मंडल के भाजयुमो नेताओं ने उनका मालाएं पहनाकर स्वागत किया। यहां अध्यक्ष साहू को धान से तौला गया। यहां भारत माता चौक होते हुए लखोली पहुंचे अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां से होते हुए भाजयुमो नेताओं के साथ अध्यक्ष साहू पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां बैठक के दौरान उन्होंने सभी से परिचय प्राप्त करते हुए आगे की रणनीति पर बात की। यहां से निकलकर अध्यक्ष साहू कर्मा समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
अक्टूबर में भाजयुमो की कमान संभालने वाले भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू का जिले में यह पहला दौरा था। वे लगातार प्रदेश के जिलों का दौरा कर रहे हैं। यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्यूंकि इसके बाद ही भाजयुमो के नए जिला अध्यक्ष और फिर मंडल अध्यक्ष तय किए जाएंगे। ऐसे में संभावना थी कि भाजयुमो नेता अपने प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में पूरा दम लगा देंगे। लेकिन आश्चर्यजनक रुप से भाजयुमो नेताओं ने परिस्थिति को देखते हुए धैर्य का परिचय दिया। यहां जुटे दावेदार अपने कम से कम समर्थकों के साथ स्वागत के लिए पहुंचे ताकि कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी इस मामले में अपने नेताओं का अनुशरण किया।
कार्यकर्ता हुए रिचार्ज
प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू के दौरे से भाजयुमो नेता-कार्यकर्ता रिचार्ज हुए हैं। जिला और मंडल अध्यक्षों की सूची में दर्जनों नाम शामिल हैं और सभी अपने स्तर पर प्रयासरत हैं। बावजूद इसके साहू के दौरे के दौरान सभी ने एकजुटता दिखाई। युवा नेताओं में किसी तरह की गुटबाजी न होना भाजयुमो के लिए राहत की बात है। वहीं अध्यक्ष साहू अपने स्वागत कार्यक्रम से गदगद नजऱ आए। उन्होंने अपने संबोधन में सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। शहर आगमन पर भाजयुमो कार्यकर्ताओ ने साहू का जोशीला स्वागत करते नारेबाजी की। बाद में खुले वाहन मे लेकर कार्यकर्ता उन्हें मानव मंदिर चौक तक ले गए। इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा, भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष तरुण लहरवानी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महामंत्री किशुन यदु ,आलोक श्रोती, भावेश बैद, मोनू बहादुर सिंह, गोलू गुप्ता, सुमीत भाटिया, आकाश चोपड़ा, गगन आईच, शरद सिन्हा, विवेक शर्मा, प्रखर श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।
हमलावर हुए अध्यक्ष
राजनांदगांव के पहले दौरे पर पहुंचे अध्यक्ष अमित साहू कांग्रेस पर हमलावर दिखे। उन्होंने खुले मंच से कांग्रेस को ललकारते हुए इसे निकम्मी सरकार करार दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि पिछले दो सालों में कांग्रेस सरकार की कारगुजारियों ने साबित किया है कि वे झूठे वायदे कर सत्ता में आई है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुहिम शुरू करने के इरादे के साथ अमित साहू ने कहा कि संगठन के युवा साथियों को लेकर समूचे प्रांत में विरोध किया जाएगा साथ ही हर कार्यकर्ता को किसानों के बीच पहुंच कर सरकार की नितियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा साथियों के साथ अगली बार भाजपा सरकार वापस लाने कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ेंगे।
नई पारी की तैयारी
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है। विपक्ष में रहते हुए युवा विंग की सक्रियता पार्टी के लिए बेहद अहम है। इसे देखते हुए ही नई टीम तैयार करने की तैयारियां जारी हैं। युवा अध्यक्ष प्रदेशभर के दौरे के दौरान ही संगठन में सक्रिय ऊर्जावान युवाओं से रुबरु हो रहे हैं। इससे पहले संगठन तय कर चुका है कि युवा मोर्चा में इस दफा 35 का फैक्टर लागू किया जाएगा। इसका मतलब यह कि संगठन में 35 वर्ष की उम्र के भीतर के कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। पायनियर से बातचीत में भी अध्यक्ष साहू यह स्पष्ट भी कर चुके हैं। ऐसे में अध्यक्ष के इस दौरे को मिशन रिचार्ज के तौर पर भी देखा जा रहा है।
More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)