July 2, 2025

सिंहदेव को मिली क्लीन चिट बृहस्पति सिंह ने जताया खेद

रायपुर @cgpioneer.in 
मंत्री टीएस सिंहदेव पर मुख्यमंत्री बनने के लिए हत्या कराने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह नेआखिरकार भरे सदन में खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैंने भावावेश में मीडिया में कथन जारी किया था। बृहस्पति सिंह ने सदन में कहा कि मेरे कथन से किसी को बुरा लगा हो तो मैं खेद व्यक्त करता हूँ। शासन की ओर से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मंत्री टीएस सिंहदेव पर लगाये गये आरोप सही नहीं है। उन पर लगाये गये आरोप पूरी तरह असत्य है। तो वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बृहस्पत सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने भावावेश में कहे गये कथन को वापस लिया है। गृहमंत्री ने भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। मैं टीएस सिंहदेव से भी बात करूँगा, वो सदन में आएंगे। उन्होंने कहा कि ये सदन राज्य की साढ़े तीन करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करता है। सदन में बाक़ी मुद्दों पर भी चर्चा ज़रूरी है। आसंदी ने इस समस्या को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाई उसकी मैं प्रशंसा करता हूँ। वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिन कारणों से जैसी भी परिस्थिति बनी उन कारणों पर अब मैं नहीं जाना चाहता। सदन की उच्च परम्परा बनी रहे।
बृहस्पति सिंह के खेद व्यक्त करते ही तकरीबन आधे घंटे के भीतर सदन पहुंचे सिंहदेव
बुधवार को सदन में जैसे ही बृहस्पति सिंह ने घटनाक्रम पर दिए हुए बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया उसके तकरीबन आधा घंटे बाद मंत्री टीएस ङ्क्षसहदेव वापस सदन में आ गए। उनके सदन में आते ही सत्तापक्ष तथा विपक्ष ने गर्मजोशी से स्वागत किया। तथा व्यवस्था के लिए आसंदी का आभार व्यक्त किया।
सिंहदेव की वापसी पर रमन ने ली चुटकी
कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के सदन में सिंहदेव को लेकर दिए अपने बयान पर खेद जताए जाने के साथ एक बड़े विवाद का पटाक्षेप हो गया। इसके बाद सिंहदेव की सदन में वापसी पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शायराना अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि ‘तुम्हे ही दर्द देना है तुम्हे ही दवा देना है। विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही बृहस्पत सिंह के मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ लगाया गया गंभीर आरोप मुद्दा बना गया था। मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया कि सिंहदेव ने सदन में आने से ही इंकार कर दिया। मामले ने बुधवार को जोर पकड़ लिया और विपक्ष ने सदन के शुरू होते ही मुद्दे पर चर्चा की मांग करने लगे। सदन में विपक्ष को हावी होता देख सत्ता पक्ष भी हरकत में आई और मामले को सुलझाने के लिए जोर-शोर से प्रयास शुरू कर दिया। नतीजा रहा कि बृहस्पत सिंह ने सदन में आकर अपने बयान को लेकर खेद जताया।

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के फलोअप गार्ड के साथ हुए विवाद मामले में लुंड्रा जनपद उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंह (सचिन बाबा) को जमानत मिल गई है। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि न्याय दिवस के दिन मुझे न्याय मिला है। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के परिवार से सचिन सिंह देव हैं। सचिन सिंहदेव ने कहा कि यह सोची समझी साजिश थी, जिसमें मुझे फंसाया गया।

Spread the love