July 1, 2025

चैनलिंक फेंसिंग तार का उत्पादन कर आगे कदम बढ़ा रही हैं भैरमगढ़ की महिला समूह

पायनियर संवाददाता बीजापुर

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी भोलेबाबा महिला स्व-सहायता समूह एवं पार्वती महिला स्व-सहायता समूह भैरमगढ़ की महिलाएं चैनलिंक फेंसिंग तार उत्पादन कर आय संवृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बीते दो महीने के भीतर इन दोनों महिला समूहों की महिलाओं ने उत्पादक गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रशिक्षण लेने सहित चैनलिंक फेंसिंग तार बनाने की हरेक बारीकियों को सीखा और अपनी बचत राशि एक लाख 15 हजार रुपए की मशीन क्रय किया। वहीं चैनलिंक फेंसिंग तार उत्पादन के लिए 53 हजार रुपए का निर्माण सामग्री खरीदा। इसके साथ ही चैनलिंक फेंसिंग तार उत्पादन में पूरी मेहनत और लगन से जुट गयीं। इन महिलाओं के अथक परिश्रम को देखकर क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों सहित किसानों ने उनके चैनलिंक फेंसिंग तार क्रय करने हेतु मांग शुरु किया, तो उक्त महिलाओं को अपने काम की बेहतर प्रतिसाद मिलने की उम्मीद बढ़ गयी।

इन दोनों महिला समूहों ने अभी हाल ही में 65 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से 65 हजार 300 रूपए का 10 क्विंटल 20 किलोग्राम चैनलिंक फेंसिंग तार का विक्रय ग्राम पंचायतों तथा किसानों को किया है। वहीं 5 क्विंटल 28 किलोग्राम चैनलिंक फेंसिंग तार का डिमांड किसानों ने किया है। इसे ध्यान रखकर ये महिला समूहों की महिलाएं अपने चैनलिंक फेंसिंग तार उत्पादन में निरंतर जुटी हुई हैं। भोलेबाबा महिला समूह की कलावती और सावित्री बताती हैं कि शुरूआत में यह काम थोड़ा मुश्किल लगा, लेकिन खेती-किसानी कार्य से जुड़े होने के कारण इस कार्य को सीखने तथा करने में आसानी हुई। चैनलिंक फेंसिंग तार उत्पादन के कार्य में भोलेबाबा महिला समूह के साथ सहभागिता निभाने वाली पार्वती महिला समूह की अनिता एवं सुखदई बताती हैं कि इस कार्य को शुरू करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सामुदायिक निवेश कोष से दोनों महिला समूह को एक-एक लाख रूपए की सहायता दी गयी है। जिससे उत्पादन कार्य संचालित कर रहे हैं, चैनलिंक फेंसिंग तार का विक्रय होने के साथ ही निर्माण सामग्री मंगवा रहे हैं। इन दोनों महिलाओं ने बताया कि अभी उत्पादन का प्रारंभिक दौर है, इसे ध्यान रखते हुए मांग के अनुरूप उत्पादन को बड़ा रहे हैं। वहीं बाजार में अपनी उत्पादन की मांग वृद्धि के लिए बाजार दर से थोड़ी कम में चैनलिंक फेंसिंग तार का विक्रय कर रहे हैं। इन महिला समूहों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहे।

सहायक विकास विस्तार अधिकारी राजेन्द्र बालेन्द्र बताते हैं कि उक्त महिला समूहों के द्वारा उत्पादित चैनलिंक फेंसिंग तार ग्राम पंचायतों के गौठानों में फेंसिंग के लिए क्रय किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों द्वारा अपनी फसल की सुरक्षा हेतु फेंसिंग करने चैनलिंक फेंसिंग तार खरीदा जा रहा है। जिससे चैनलिंक फेंसिंग तार की मांग लगातार बढ़ रही है।

 

Spread the love