राजनांदगांव
निगम में बजट पेश करने के दौरान लखोली की पार्षद सीताबाई डोंगरे के पुत्र और पार्षद प्रतिनिधि सदन में घुस आए। इस दौरान चल रहे हंगामे में उन्होंने सत्तापक्ष के पार्षदों से धक्कामुक्की की और नारे भी लगाए। पार्षद प्रतिनिधि की इस घुसपैठ का मामला गरमा गया। इस दौरान निगम अध्यक्ष ने आधे घंटे के लिए सदन स्थगित कर दिया। महापौर ने इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि हम सदन में घुसपैठ और हंगामा करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि सदन की एक मर्यादा होती है और हमने विपक्ष में रहते हुए इसका पूरा पालन किया है। गौरतलब है कि सदन की कार्रवाई की शुरु होने के साथ ही पूर्व महापौर व नेता प्रतिपक्ष रहीं स्व. शोभा सोनी के उल्लेख और मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद शुरु हुआ था। इसे लेकर वाद-विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इसी बीच लखोली वार्ड नं 36 सीताबाई डोंगरे के पुत्र और पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे सदन की कार्रवाई में दखल देते हुए घुस आए। कांग्रेसी पार्षद उन्हें सदन से बाहर निकालते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। इस बीच कुछ पार्षद टेबल पर गिर पड़े। काफी देर तक दोनों पक्षों की यह भिड़ंत चलती रही।
निगम कर्मियों ने इस झड़प को शांत कराने की कोशिश में काफी मशक्कत की। महौला काफी गरमा चुका था। इस दौरान सदन में पार्षद गगन आईच के रवैये को लेकर भी सत्तापक्ष के पार्षदों ने आलोचना की। दूसरी ओर गगन ने पार्षद विनय झा, शरद पटेल पर धक्का देने और अपशब्द कहने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु के निगम स्थित कार्यालय में बैठक चलती रही। जिसके कुछ देर बाद दोबारा सदन की कार्रवाई शुरु हुई।

More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)