July 1, 2025

छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सादगी के साथ पदभार ग्रहण किया

पायनियर संवाददाता . रायपुर
भारतीय प्रशासनिक सेवा वर्ष 1989 बेच के अधिकारी अमिताभ जैन ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। जैन राज्य के 12 वें मुख्य सचिव के रूप में अपना पदभार बड़े ही सादगी के साथ ग्रहण किया। राज्य शासन द्वारा निवर्तमान मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल के सेवानिवृत्त होने के फलस्वरूप अमिताभ जैन को मुख्य सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। गौरतलब है कि अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ राज्य के है। वे केन्द्र में प्रतिनियुक्ति के दौरान लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन में मिनिस्टर (आर्थिक) भी रह चुके है, जहां उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने का काम किया। उनकी स्कूल की पढ़ाई बालोद जिले के दल्ली राजहरा से हुई है। अविभाजित मध्यप्रदेश में 11वीं बोर्ड में वे टॉपर रहे है। रायपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले श्री जैन ने एमटेक किया है। आईएएस के रूप में श्री जैन की पहली पोस्टिंग अविभाजित मध्यप्रदेश के जबलपुर में असिस्टेंट कलेक्टर लैंड रेवेन्यू मजिस्टेट के रूप में हुई। इसके बाद वे नीमच, सरगुजा, ग्वालियर में विभिन्न प्रशासनिक पदों का दायित्व संभाला। इसके बाद श्री जैन राजगढ़, छतरपुर और होशंगाबाद जिले के कलेक्टर रहे। श्री जैन रायपुर जिले के दो बार कलेक्टर रहे। श्री जैन इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन में सचिव, प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के दायित्वों का बड़ी ही कुशलता के साथ निर्वहन किया है।
आरपी मंडल एनआरडीए के अध्यक्ष बने
रिटायर्ड आईएएस अफसर राजेन्द्र प्रसाद मंडल को सेवानिवृत्त के पश्चात नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया है। इस संदर्भ में शासन ने आदेश भी जारी कर दिया।
सीएस के बदलते ही 13 आईएएस अफसरों के विभागों में फेरबदल
राज्य सरकार ने सोमवार को एक आदेश जारी कर प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के 13 अफसरों के विभागों में फेरबदल किया है। इसमें प्रमुख रूप से एसीएस सुब्रत साहू, डॉ. मनिंदर कौर द्विवेदी, गौरव द्विवेदी, शहला निगार, प्रसन्ना आर., अंकित आनंद, एलेक्स वी पॉल मेमन, हिमशिखर गुप्ता, तंबोली अयाज फकीर, कुलदीप शर्मा, विनय कुमार लंगे, चंद्रकांत वर्मा, विवेक आचार्य शामिल है।

Spread the love