October 14, 2025

निगम-मंडलों की लिस्ट पर 28 नवंबर को लगेगी मुहर

कांग्रेस कार्डिनेशन कमेटी की बैठक में नामों को शार्टलिस्ट कर किया जायेगा फाइनल

पायनियर संवाददाता-रायपुर

निगम-मंडल अध्यक्षों की लिस्ट 28 नवंबर को फाइनल हो सकती है। दरअसल 28 तारीख को कांग्रेस कार्डिनेशन कमेटी की बैठक होने जा रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्वों की इस कार्डिनेशन कमेटी में सरकार और सत्ता के कामों पर चर्चा तो होगी ही, निगम-मंडलों की लिस्ट पर भी मंथन किया जायेगा। दरअसल निगम मंडलों की इक्का-दुक्का लिस्ट तो जारी हुई हैज्लेकिन जिस जंबो लिस्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी है, उसका इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावे प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, सह प्रभारी चंदन यादव, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम सहित शीर्ष मंत्री और सीनियर विधायक शामिल होंगें। पीएल पुनिया बैठक में शामिल होने से लिए दो दिवसीय दौरे पर 28 नवंबर को रायपुर आ रहे हैं।
उधर मीडिया से बातचीत करते हुए पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने भी इस बात के संकेत दिये हैं कि 28 नवंबर को होने वाली बैठक में निगम-मंडल पर चर्चा की जायेगी। कांग्रेस इस साल के आखिर तक कोशिश करेगी कि निगम-मंडल में नियुक्तियां हो जाये। उन्होंने कहा है कि नामों की लिस्ट को बैठक में शार्टलिस्ट किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कार्डिनेशन कमेटी की बैठक 28 नवंबर को होने वाली है, इस बैठक में निगम मंडल में होने वाली नियुक्तियों पर चर्चा की जायेगी, वहीं संगठन में बचे पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा की जायेगी, हमारी कोशिश है कि दिसंबर तक सभी पदों पर नियुक्तियां कर ली जाये।

निगम-मंडल की तीसरी सूची अब भी फाइनल नहीं, समन्वय समिति की बैठक में तय होंगे नाम

निगम-मंडल की तीसरी सूची को अब तक अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक 28 नवंबर को होने वाली बैठक में निगम-मंडल की तीसरी सूची जारी करने नामों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री डा. शिव डहरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस सरकार के लगभग दो साल के कार्यकाल के बाद अब तक निगम-मंडल में नियुक्ति के संबंध में दो सूची जारी कर कई पदाधिकारियों और विधायकों को निगम-मंडल में स्थान दिया गया था। अब तीसरी सूची में कांग्रेस के उन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का भी ध्यान रखा जाएगा, जिन्होंने मरवाही उपचुनाव में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। निगम-मंडल में नियुक्ति के लिए वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी के बाद जारी किए जाने की संभावना है। निगम-मंडल के साथ ही संगठन के विभिन्न पदों पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बैठक के बाद नए साल के पहले सूची जारी होने के संकेत पार्टी पदाधिकारियों ने दिए हैं। पुनिया 28 को आएंगे प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया 28 नवंबर को दोपहर 4.30 बजे रायपुर आएंगे। रायपुर आने के बाद शाम 6 बजे कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में समिति के सदस्यों के साथ निगम-मंडल और संगठन में नई नियुक्तियों पर विचार करेंगे। वे 29 नवंबर को शिवरीनारायण मंदिर दर्शन करने जाएंगे। वहां से शाम 5 बजे लौटने के बाद 7.30 बजे विमान से दिल्ली रवाना होंगे। नियुक्ति को लेकर सुगबुगाहट तेज इधर निगम-मंडल में नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में सुगबुगाहट तेज हो गई है। दूसरी सूची आने के बाद लंबे वक्त से कांग्रेस कार्यकर्ता निगम-मंडल में जगह पाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। मरवाही चुनाव के बाद वहां पर बनाए गए सेक्टर प्रभारियों में विधायक के साथ कई पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल थे। पार्टी यहां उनकी मेहनत का आकलन करने में लगी है। पार्टी निगम-मंडल में ऐसे कार्यकर्ताओं को भी स्थान देगी।

Spread the love