July 1, 2025

ओदरागहन व निपानी के किसानों को मिलेगा खारुन का पानी

 

पायनियर संवाददाता पाटन

खारुन नदी को दक्षिण पाटन का जीवनदायिनी नदी कहा जाता है। इस नदी से जहां ग्रामीणों को निस्तारी के लिए पानी मिलता है। वहीं नदी किनारे स्थित खेतों में लगे बोर पंप का जल स्रोत भी हमेशा बना रहता है। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप खारुन नदी का पानी किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए भी काम आने लगा है। इसी कड़ी में ओदरागहन व निपानी के पास खारुन नदी के किनारे सौर समुदायिक सिंचाई योजना के तहत पानी को लिफ्ट कर खेतों तक ले जाने का कार्य किया जाएगा।

सरपंच जिनेश जैन राजा ने गत दिवस बोरेंदा के सामुदायिक सौर सिंचाई योजना का लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से किसानों के हितों को देखते हुए मांग की थी, जिसे तत्काल मौके पर ही घोषणा कर क्रेडा के अधिकारियों को सर्वे कर इस कार्य को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकारियों ने सर्वे भी शुरू कर दिया है। इसके लिए सरपंच जिनेश जैन राजा व किसानों ने मुख्यमंत्री बघेल का आभार जताया है।

150 से अधिक कृषक होंगे लाभान्वित
ओदरागहन के पास खारून नदी में बनने वाले एनीकट के पानी का उपयोग खेती करने के लिए सौर सामुदायिक सिंचाई योजना के तहत लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से होगा। इस योजना के शुरू होने से ओदरागहन व निपानी के लगभग 150 कृषकों के 400 से 500 एक ड़ खेत की सिंचाई होगी। खारुन का पानी अभी व्यर्थ बह जाता है। इस योजना के शुरू होने से किसानों के खेतों की फसल को समय पर पानी मिल जाएगा। किसान दो फसल के अलावा सब्जी की भी खेती कर सकेंगे।
सरपंच जिनेश जैन ने बताया कि सीएम बघेल के निर्देश के बाद सर्वे के लिए तत्काल अधिकारियों का दौरा शुरू हो गया है। क्रेडा विभाग के अधिकारी तीन बार दौरा कर चुके हैं। सर्वे का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। सर्वे में इस बात का भी ख्याल रखा जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभ
मिल सके।

बोरेंदा में सफलता पूर्वक चल रही यह योजना
क्रेडा विभाग द्वारा ग्राम बोरेंदा में खारुन नदी के किनारे सौर ऊर्जा के माध्यम से सामुदायिक सिंचाई योजना को अमली जामा पहनाया गया है जिसका लोकार्पण पखवाड़े भर पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया है। सामुदायिक सिंचाई योजना के तहत बने हुए बोरेंदा में प्लांट के उद्घाटन के दौरान सरपंच ओदरागहन जिनेश जैन ने भी सोलर सिस्टम के द्वारा संचालित होने वाली लिफ्ट इरिगेशन की मांग रखी थी।

जिसे मुख्यमंत्री बघेल द्वारा बोरेंदा कार्यक्रम के दौरान तत्काल घोषणा की गई थी। दक्षिण पाटन क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य व जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि उनके क्षेत्र में मुख्यमंत्री के सहयोग से लगातार विकास कार्य हो रहा है। किसानों के लिए बोरेंदा में बने सामुदायिक सौर सिंचाई योजना वरदान साबित हो रही है। ओदरागहन में भी यह योजना शुरू होने से किसानों को लाभ मिलेगा। भूपेश बघेल की सरकार किसानों व मजदूरों सहित सभी वर्ग का ध्यान दे रही है। किसानों की खुशहाली के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

Spread the love