February 19, 2026

धर्मांतरण पर बवाल : किराए के घर में चल रही थी प्रार्थना सभा पुलिस की मौजूदगी में रुकवाई गई, बजरंग दल का आरोप, दंपति धर्मांतरण करवा रहा

बसंतपुर थाना में की गई शिकायत, मकान मालिक ने भी किराएदार दंपति पर लगाए आरोप

राजनांदगांव@thethinkmedia.com

शहर में हिंदुओं का धर्मांतरण कराए जाने के मामले में एक दंपति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला महेश नगर का है जहां उक्त दंपति पिछले दो साल से किराए के मकान में रह रहे थे। शनिवार की दोपहर दंपति के घर में प्रार्थना सभा चल रही थी जिसमें आसपास के ग्रामीण इलाके से दर्जनों लोग शामिल होने आए थे। इसी दौरान यहां बजरंग दल और मकान मालिक ने आपत्ति की। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर दल-बल पहुंच गया। वहीं तहसीलदार रमेश मोरे भी मौके पर पहुंचे थे। स्थिति और शिकायत को देखते हुए बसंतपुर पुलिस दंपति को अपने साथ ले गई।
शनिवार की दोपहर तकरीबन 12 बजे खबर मिलने पर बजरंग दल के पदाधिकारी महेश नगर पहुंचे। यहां उन्होंने दंपति के घर के सामने ही प्रदर्शन शुरु कर दिया। पुलिस को पहले ही इसकी सूचना दी जा चुकी थी। पुलिस दलबल के साथ यहां पहुंच गई। तहसीलदार मोरे भी मौके पर मौजूद थे। यहां बजरंग दल ने प्रार्थना सभा की आड़ में ग्रामीणों को धर्मांतरण कराए जाने के खुले आरोप लगाए। उन्होंने पास्टर दीपक साहू पर ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराए जाने की बात कही। मौके पर पुलिस का बंदोबस्त होने के चलते स्थिति संभल गई वरना हालात बेकाबू होते दिख रहे थे। बजरंग दल के प्रशांत दुबे ने कहा कि पास्टर दीपक साहू लंबे समय से यही काम कर रहे हैं। ये ग्रामों का दौरा करते हैं। बीमारियां दूर करने, आर्थिक स्थिति ठीक करने की बात कहकर यह लोगों को प्रार्थना सभा में बुलाते हैं और यहीं से धर्मांतरण करवाए जाने का सिलसिला शुरु होता है। उन्होंने दीपक साहू की पत्नी विद्या साहू पर भी धर्मांतरण कराने की प्रक्रिया में शामिल होने का आरोप लगाया है।

मकान मालिक ने भी की शिकायत

इस पूरे मामले में दो अलग-अलग शिकायतें बसंतपुर पुलिस को मिली है। दीपक साहू पास्टर बताए जा रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी विद्या साहू शासकीय शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ही मूलत: छुईखदान के ग्राम करमतरा के निवासी हैं। वे बीते दो साल से महेश नगर में किराए के मकान में रहे हैं। इस मकान के मालिक ए वेंकट रमन राव ने पुलिस से लिखित शिकायत करते हुए कहा कि दंपति ने अपना धर्मपरिवर्तन किया है। वे जब से इस घर में रह रहे हैं यहां लगातार आसपास के ग्रामों के भोले-भाले ग्रामीणों को बुलाकर कई सभाएं की जाती है। बीमारियों से मुक्ति दिलाने और कई अन्य तरीकों से ग्रामीणों को बहला-फुसला कर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा है।

बजरंगदल ने खोला मोर्चा

बजरंग दल के संयोजक प्रशांत दुबे ने अपनी शिकायत में पुलिस को जानकारी दी कि दीपक साहू ग्रामीण इलाकों में घुम-घुमकर अपने धर्म का प्रचार करने के अलावा लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रलोभित करता है। बजरंग दल ने कोरोना संक्रमण काल में बुजुर्ग-बच्चों सहित सैकड़ों की भीड़ घर में जुटाने को लेकर भी महामारी नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की मांग की है। बजरंग दल ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई को भी इनके किराए के आवास में सभा की जा रही थी। और यहां मौजूद लोग हिंदु धर्म के थे। उन्होंने बताया कि दंपति प्रत्येक रविवार को अपने आवास में प्रार्थना सभा रखते हैं और लोगों को प्रलोभन देकर उनका धर्मांतरण करवा रहे हैं।

पुलिस ने कहा, जांच कर रहे

बसंतपुर थाना प्रभारी लोमेश सोनवानी ने बताया कि आज दोपहर हमें सूचना दी गई। हम मौके पर भी पहुंचे थे। परिस्थितियों को देखते हुए दंपति को साथ लाया गया था। शिकायत को लेकर हमने उनके बयान लिए हैं। दंपति ने कहा है कि ग्रामीण सभा में शामिल होने आए थे, इसमें धर्मांतरण जैसा कोई विषय नहीं है बल्कि ये आस्था का विषय है। थाना प्रभारी सोनवानी ने बताया कि शिकायतकतार्ओं के भी बयान लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच जारी है।

 

Spread the love