February 21, 2026

सफाई ठेके और शहर में चरमराई स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने सत्तापक्ष को घेरा

बजट बैठक में पूरा दिन दोनों पक्षों में चलती रही तकरार, दलगत राजनीति करने का महापौर पर लगा आरोप

राजनांदगांव@thethinkmedia.com

महापौर बतौर हेमा देशमुख का दूसरा बजट हंगामेदार रहा। पहले बजट की योजनाओं को दोहराने सहित कई विषयों को लेकर पूरा दिन सदन में हंगामा चलता रहा। पक्ष-विपक्ष के पार्षद एक दूसरे से भिड़ते नजऱ आए। इस बीच नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने बजट पर चर्चा के दौरान पुराने सफाई ठेके निरस्त करने, नए सफाई ठेके और शहर में अस्त-व्यस्त सफाई के मुद्दे को उठाते हुए सदन में दैनिक हिंदी पायनियर अखबार की प्रति लहराई। उन्होंने 6 जुलाई को पायनियर में प्रकाशित खबर को सदन में दिखाते हुए कहा कि सफाई के मुद्दों पर महज हाथ की सफाई हो रही है।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव का दूसरा बजट बीते बुधवार को पेश किया गया। कोविड संक्रमण के चलते यह बजट तय समय से 4 माह बाद पेश किया गया। बजट बैठक की शुरुआत ही काफी विवादास्पद रही। बजट बैठक की शुरुआत में ही दोनों पक्षों के पार्षदों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। एक दूसरे को सदन से बाहर ढकेलने की कोशिश में पार्षद टेबलों पर गिरते-पड़ते रहे। जनप्रतिनिधियों का ऐसा व्यवहार देख मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। आधे घंटे तक सदन के स्थगित रहने के बाद देर शाम तक सदन में बजट पर चर्चा जारी रही।
सफाई ठेके और शहर में सफाई से जुड़ी समस्याओं को विपक्ष और पक्ष के पार्षदों ने बैठक की शुरुआत में ही सामने रखा। कुछ वार्ड पार्षदों ने शिकायत की कि उनके वार्ड का सफाई ठेका निरस्त कर दिया गया है और चंद सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है जिसके चलते वार्ड की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। भाजपा पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि बगैर उन्हें सूचित किए ही ठेका निरस्त कर दिया गया। इस तरह की शिकायत बजट पर चर्चा के दौरान लगातार सामने आती रहीं।
आखिर में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने बजट पर अपनी बात रखते हुए शहर के कई जरुरी मसलों पर बात रखी। उन्होंने महापौर की ओर इशारा करते हुए पिछले बजट पर चुटकी लेते हुए कहा, कि पूरा नहीं हुआ तो क्या हुआ, ए दिखाने वाले तेरा ख्वाब बड़ा अच्छा था।Ó इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दोबारा महापौर वही बजट लेकर आई हैं जो उन्होंने 9 महिने पहले प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि पिछले बजट के कई काम अधूरे हैं और सत्तापक्ष दावा कर रहा है कि 80 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं। यह महज हवाहवाई बातें हैं।
बात विद्युत व्यवस्था और सफाई ठेके की आई तो उन्होंने इस मसले पर सत्तापक्ष पर कड़ा प्रहार बोला। नेता प्रतिपक्ष के बोलने के दौरान भाजपाईयों ने कई बार मेजें थपथपा कर आवाज़ बुलंद की। दैनिक हिंदी पायनियर अखबार की प्रति लहराते हुए किशुन यदु ने सफाई ठेकों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे सीधे भ्रष्टाचार से जोड़ा। उन्होंने कहा कि गढ़बो नवा राजनांदगांव कांग्रेस की सत्ता में महज मिथ बनकर रह गया है।

Spread the love