
राजनांदगांव
नगर पालिक निगम का वर्ष 2021-22 के बजट सत्र में सदन की गरिमा तार-तार हो गई। सदन के शुरु होते ही दोनों ही पक्षों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बात बढ़ती ही गई और कुछ पार्षद तो टेबलों पर गिर पड़े। इस हंगामे के बाद आधे घंटे तक सदन की कार्रवाई स्थगित कर दी गई। तीखे आरोप-प्रत्यारोप के बीच महापौर ने करीब 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट पेश किया। इस बजट में शहर को ज्यादा कुछ नया नहीं मिल सका। पुरानी योजनाओं को दोहराते इस बजट में नगरवासियों पर किसी तरह का नया कर तो नहीं लगाया गया लेकिन कर से छूट की उम्मीद भी टूट गई। अपने इस दूसरे बजट में भी महापौर ने पहले बजट की अधिकतर योजनाओं को ही दोबारा शामिल किया। इसे लेकर भाजपा की ओर से बजट को धोखा करार दे दिया। सफाई ठेका का मुद्दा भी सदन में गरमाया रहा। मुख्यमंत्री स्वालंबन योजना के तहत दुकानों के आबंटन का मसला उठाते हुए कांग्रेस की पार्षद ने ही आयुक्त और सत्तापक्ष को घेरा तो विपक्ष के पार्षद मेजे थपथपाने लगे। विधायक प्रतिनिधि व पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी ने संक्षिप्त चर्चा में बूढ़ा सागर, रानी सागर के सौंदर्यीकरण में भ्रष्टाचार का मामला उठाया। इस मसले पर भी कांग्रेस-भाजपा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। बजट में निगम कर्मचारियों को सस्ते भूखंड उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए ‘हमर निगम, हमर आवास’ योजना के तहत सस्ते मूल्य पर भूखंड दिए जाएंगे। बजट में इसके लिए 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के लिए दाई-दीदी बाजार की स्थापना का प्रावधान किया गया है जिसके लिए 75 लाख का बजट आबंटित किया गया है।
9 महीने पुराने बजट पर नई जिल्द
महापौर हेमा देशमुख द्वारा तकरीबन 9 माह पहले पेश किए गए बजट में जिन योजनाओं का जिक्र था उन्हें एक बार फिर इस बजट में शामिल किया गया है। पूर्व में जिन निर्माण और विकास कार्यों की योजना बनाई गई थी उनमें बहुत कुछ अब भी अधूरा ही है। अपने पहले बजट में भी महापौर ने मेडिकल काम्पलेक्स का निर्माण, पुत्री शाला में मल्टी स्टोरी व्यावसायिक परिसर, गुड़ाखू लाइन में आयुर्वेदिक औषधालय की जगह में व्यावसायिक परिसर, गंज मंडी में महिला समृद्धि बाजार और वाटर पार्क को शामिल किया था। उस दौरान इसके लिए 30 करोड़ का प्रावधान किया गया था। इस बजट में यह सभी दोहराए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक वेस्ट से डीजल का निर्माण और निगम द्वारा पेट्रोल पंप की स्थापना के दो नए बिंदु निगम की आय बढ़ाने के लिए जोड़े गए हैं। निगम में भाजपा कार्यकाल के दौरान बूढा सागर में बोटिंग एवं चलित रेस्टोरेंट की शुरुआत की गई थी जिसमें बड़ी रकम खर्च हुई। कांग्रेस ने इस योजना को दोहराया है और इसके लिए एक करोड़ खर्च करने की बात कही गई है। सदन में बजट पर देर शाम तक चर्चा चलती रही।
सफाई ठेका पर उठी उंगली
भाजपा पार्षद ने बजट पर चर्चा के दौरान सदन में सफाई ठेका और शहर में सफाई से जुड़ी पेश आ रही समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान भाजपा की महिला पार्षद ने सत्तापक्ष पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर क्यूं बगैर भाजपा पार्षदों को जानकारी दिए उनके वार्डों के सफाई ठेके निरस्त कर दिए गए और नए ठेके कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों के लिए ही किए गए। उन्होंने कहा कि कईयों वार्ड में सफाई की दुर्दशा है और इसमें मेरा वार्ड भी शामिल है। पार्षद अजय छैदेया ने भी अपने वार्ड में 10 सफाई कर्मियों की मांग की। उन्होंने कहा कि एक किमी वर्ग के क्षेत्रफल वाले मेरे वार्ड में महज 3 सफाई कर्मी नियुक्त किए गए हैं। सफाई ठेकों को लेकर सत्तापक्ष घिरा हुआ है। पहले ही बिना कार्यादेश के नए सफाई ठेके का काम शुरु किए जाने का मामला सामने आ चुका है। इसके अलावा कांग्रेसी और कुछ भाजपाई पार्षदों द्वारा महिला समूह की आड़ में सफाई ठेका चलाए जाने की भी शिकायतें हैं।
अधर में अंडर ब्रिज
गौरी नगर अंडर ब्रिज के निर्माण को लेकर बजट में कोई प्रस्ताव नहीं किया गया। पिछले बजट में इस बिंदु को शामिल जरुर किया गया था। वर्षों पुरानी अंडर ब्रिज निर्माण की यह मांग अधर में नजऱ आ रही है। पिछली बार इसके लिए 1 करो का प्रावधान किया गया था।
सौंदर्यीकरण
शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमा स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया है जिसके लिए एक करोड़ का प्रावधान किया गया है। मेट्रो सीटी की तर्ज पर आनंद वाटिका में पीपीपी मोड पर वॉटर पार्क का निर्माण किए जाने की घोषणा की गई है। बूा सागर में नागरिकों की सुविधा में विस्तार करते हुए चलित वॉटर रेस्टोरेंट स्थापित किया जाने का बिंदु भी इसमें शामिल है। इसके लिए एक करोड़ का प्रावधान किया गया है। चौक-चौराहों पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति को उकेरे जाने की तैयारी है। इसके लिए पांच करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रानी सागर में पुरुषों के लिए राम घाट व महिलाओं के लिए सिया घाट निर्माण की योजना के लिए 10 लाख खर्च होंगे। शहर के रिक्त भूमि व तालाब के किनारे पौध रोपण, मोहारा मंडई का रिवर फाउंट की तर्ज पर सौंदर्यीकरण, श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर को ऊंचा उठाने छोटे उद्यान का निर्माण को भी इसमें शामिल किया गया है।
दिव्यांग और शिक्षा
नगर निगम के 2 कन्या स्कूलों में प?ने वाली 50 निर्धन छात्राओं को निशुल्क शिक्षा का प्रावधान किया गया है और इसके लिए ढाई लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा शहर के युवक-युवतियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए ऑनलाइन निशुल्क ट्रेनिंग दिए जाने की तैयारी है जिसके लिए 15 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। दिव्यांग व सीनियर सिटीजन के उत्थान के लिए 10 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
खाद बेचेंगे, मुक्तिधाम की मरम्मत होगी
नगर निगम क्षेत्र में विभिन्?न केंद्रों में गोबर क्रय कर वर्मी कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है। इसके विक्रय केंद्र खोले जाएंगे। मुक्तिधामों की मरम्मत होगी। वार्डो में निर्मित खेल मैदान को दुरुस्त कर दर्शको को सुविधा का विस्तार की भी योजना है। इसके अलावा शहर के 51 वार्डों में मॉड्यूलर टॉयलेट बनाए जाने का प्रावधान भी किया गया है।
निगम कर्मचारियों को मिलेंगे सस्ते भूखंड
इसके अलावा निगम परिसर के पास निगम पेट्रोल पंप की स्थापना की जाएगी। वहीं पेंड्री में निर्मित नए मेडिकल कॉलेज के पास मेडिकल कॉम्प्लेक्स, पुराना आयुर्वेदिक औषधालय बंद हो जाने के कारण वहां और पुत्री शाला में मल्टीस्टोरी बिजनेस कॉम्प्लेक्स का निर्माण।

More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)