July 1, 2025

कलेक्टर महोबे ने गुरुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का किया दौरा

बालोद

कलेक्टर जनमेजय महोबे गुरुवार को गुरूर विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का तूफानी दौरा किया। महोबे ने शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम पंचायत कर्रेझर में निर्मित नवीन गौठान एवं वर्कशेड का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने वहॉ स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित अचार, ब्लैक राइस, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, कोदो की खेती एवं आर्गेनिक फूड प्लाजा के संबंध में चर्चा कर उत्पादन बढ़ाने हेतु प्रेरित किया।

कलेक्टर ने ग्राम कर्रेझर नेशनल हाइवे क्रमांक-30 के किनारे स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित आर्गेनिक फूड प्लाजा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा रेड राइस से तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना की। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नेशनल हाइवे के किनारे दुकान शेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत गुरूर के अध्यक्ष प्रभात धुर्वे, एसडीएम अमित श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेन्द्र पडौति आदि मौजूद थे। कलेक्टर महोबे ने ग्राम कोचवाही के गौठान परिसर और ग्राम बोरिदकला के नाला के किनारे वृक्षारोपण कर ग्रामीणो को भी वृक्षारोपण करने तथा उसे सुरक्षित रखने प्रेरित किया।

वही ग्राम पंचायत कोचवाही के गौठान एवं चारागाह परिसर में स्वसहायता समूह द्वारा आजीविका संवर्धन हेतु चलाए जा रहे विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

ग्राम बोरिदकला में गिरदावरी कार्य का किया निरीक्षण
कलेक्टर जनमेजय महोबे ग्राम बोरिदकला में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। वहॉ उन्होंने वर्तमान फसलों का अवलोकन किया और खसरा नम्बर की जॉच की। उन्होंने मौके पर उपस्थित तहसीलदार और वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को त्रुटिरहित गिरदावरी कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग फसलों की सूची अलग-अलग दर्ज होनी चाहिए। रिकार्ड एवं मौके का मिलान एक समान हो। इसके साथ ही महोबे ने नरवा विकास कार्य का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने वहॉ जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्य के तहत् लूज बोल्डर चेकडेम एवं ब्रश वुड चेकडेम का निरीक्षण किया।

स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण
महोबे ग्राम कोचवाही के हायर सेकेण्डरी स्कूल तथा आंगनबाड़ी केन्द्र और ग्राम जगतरा के प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों तथा छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को चाकलेट बांटकर उनका उत्साहवर्धन किया। ग्राम जगतरा के प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन बंद होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने प्रधानपाठक को निर्देशित किया कि मध्यान्ह भोजन शुरू कराकर बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराए। कलेक्टर ने स्कूलों में छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग का पालन तथा मास्क की उपयोगिता की जानकारी दी। उन्हेंने बताया कि हम मास्क का उपयोग कर स्वयं तथा परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।

Spread the love