July 1, 2025

भाईयों की कलाई में बहनों ने बांधा रक्षासूत्र

राजनांदगांव@thethinkmedia.com

जिले में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों के हाथ में रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और ऐश्वर्य की कामना की तो वहीं भाईयों ने बहनों को उपहार दिए। रविवार को भद्राकाल न होने की वजह से पूरे दिन राखी बांधने के लिए मुहुर्त शुभ रहा। दूसरी ओर कई महिलाओं ने पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों को राखी बांधी। महिला संगठन, समुह की महिलाएं सुरक्षाबल के जवानों के बीच पहुंची और उनकी सूनी कलाईयों पर राखी बांधी। पुलिस लाईन में भी महिलाओं ने पहुंचकर जवानों को राखी बांधी।
इस अवसर पर देवालयों में भी काफी भीड़ रही। विशेष पूजा-अर्चना कर भाई-बहनों ने एक दूसरे के लिए आशीष मांगा। कई स्थानों पर विशेष आयोजन भी हुए। वहीं लंबे समय बाद रक्षाबंधन के पर्व पर बसों में भीड़ देखने को मिली। रक्षाबंधन के बाद अब छत्तीसगढ़ में काफी हर्षोल्लास से मनाएं जाने वाले तीजा पर्व की तैयारियां शुरु हो गई है।

पुलिस जवानों की सुनी कलाइयों में भाजपा महिला मोर्चा की बहनों ने राखी बांधी

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष किरण साहू जी के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उत्तर मंडल सरस्वती यादव एवं दक्षिण मंडल मिथलेश्वरी वैष्णव के नेतृत्व में रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री पारुल जैन ने बताया कि भारतीय शास्त्रों में रक्षाबंधन पर्व की प्राचीन परंपरा के अनुसार रक्षाबंधन का त्यौहार सावन महीने की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाता है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के द्वारा देश की एवं समाज की रक्षा में हमेशा तत्पर रहने वाले पुलिस जवान भाइयों को चिखली थाना, कोतवाली थाना, बसंतपुर थाना पहुंचकर भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांध कर त्यौहार मनाया गया। जिन भाइयों की सुनी कलाइयां थी, उन्हें बहनों द्वारा रक्षा सूत्र बांधने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कुछ जवान भाव विभोर भी हुए। इस अवसर पर मुख्य रूप से महामंत्री देव कुमारी साहू, गीता साहू, मुनेश्वरी साहू, शैल यादव, टेमबाई छैदेया, कीर्ति राणे, रत्ना बरिहा, सुनीता ठाकुर, संगीता मानिकपुरी, नीरा यादव, शांति पात्रे, शशि चौहान, लता जांगड़े, सुनीता चौरसिया, रघुवीर वाधवा, रमेश सोनवानी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जवानों को विधायक छन्नी चंदू साहू ने बांधी राखी

मछुरिया। खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने भाई बहनों के पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन पर राजनांदगांव जिले के कलेक्टर, एसपी सहित अन्य विभागों में राखी भिजवाई। छुरिया थाने में पहुंचकर उन्होंने थाना प्रभारी सहित समस्त स्टाफ, आइटीबीपी के जवानो को राखी बांधी। यह पल उन सभी जवानों के लिए जो अपने परिवार से दूर रहकर मातृभूमि एवं जनता की सेवा में समर्पित हैं उनके लिए भावुक कर देने वाला था।
साथ ही विधायक छन्नी साहू ने रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के जनता के रक्षा एवं सुरक्षा की कामना की। उक्त कार्यक्रम में विधायक के साथ अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया रितेश जैन, जिला कांग्रेस प्रवक्ता राहुल तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंदू साहू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

छात्राओं ने बांधी राखी

अखिल भारतीय विधार्थी परिषद ईकाई छुरिया की छात्राओं ने भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल जोब और छुरिया के जवानों को और पुलिस थाना छुरिया में पुलिसकमीर्यों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। विधार्थी परिषद के छात्राओं ने सुबह आईटीबीपी के जवानो की आरती-तिलक कर मिठाई खिलाकर कलाईयो में बारी बारी से रक्षासूत्र बांधा। इसके बाद सभी बहने पुलिस थाना छुरिया पहुंचकर पुलिसकर्मियों और आईटीबीपी के जवानो को रक्षासूत्र बांधने पहुंची।

Spread the love