भ्रष्टाचार के मामले में ग्रामीणों ने जपं मैनपुर का किया था घेराव
गरियाबंद/मैनपुर@thethinkmedia.com
जनपद पंचायत मैनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत काण्डेकेला के सरपच, सचिव और रोजगार सहायक पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लगभग 40 लाख रुपए के फर्जी आहरण कर शासकीय राशि का गबन करने के मामले में गुरुवार को सुबह जनपद पंचायत द्वारा गठित जांच दल पहुंची और समाचार लिखे जाने तक जांच जारी है।
ज्ञात हो कि सरपंच-सचिव एवं रोजगार सहायक को बर्खास्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत काण्डेकेला के सैकड़ों ग्रामीण व उपसरपंच, पंचगणों ने जनपद पंचायत मैनपुर का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। जनपद पंचायत मैनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरसिंह ध्रुव ने ग्रामीणों को बताया कि मामले पर जनपद पंचायत कार्यालय से जांच टीम का गठन किया गया है, तीन दिन के भीतर जांच टीम ग्राम काण्डेकेला जाकर मामले की जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और ग्रामीण यही पर नहीं रुके बल्कि इस मामले को लेकर एसडीएम और कलेक्टर के पास पहुंचे और सरपंच के खिलाफ पंचायती कार्यों में भ्रष्टाचार एवं मनमानी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर सामूहिक इस्तीफे की पेशकश की और कहा प्रशासन के द्वारा यदि कार्रवाई नहीं की जाती है तो नेशनल हाईवे 130 सी जाम करने की चेतावनी पंचों ने दी है। पंचों का कहना है कि शिकायत के बाद अब कलेक्टर पंचायत में भ्रष्टाचार की जांच करवाएं या हमारा इस्तीफा को मंजूरी दें। दोनों में से कोई एक कार्यवाही नहीं हुई तो पंच व ग्रामीण 10 अगस्त को ध्रुवागुड़ी में नेशनल हाईवे 130 सी पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों व पंचों को आश्वासन देते हुए कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने मौके पर ही जांच टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। पंचों का कहना है कि इसके पूर्व भी जनपद पंचायत सीईओ, एसडीएम, जिला पंचायत सीईओ व कलेक्टर को शिकायत करने के बावजूद सरपंच की ऊंची पहुंच के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों एवं पंचों में आक्रोश देखा जा रहा है। पंचों एवं ग्रामीणों का यह आरोप है कि ग्राम पंचायत काण्डेकेला के सरपंच नंदकिशोर कोमर्रा, तत्कालीन सचिव द्रुप सिंह सोनवानी और रोजगार सहायक द्वारा सीसी रोड निर्माण, नाली सफाई एवं निर्माण, चबुतरा निर्माण, मुरमीकरण और 14 व 15 वित्त के साथ-साथ पंचायत को शासन से मिलने वाले विभिन्न शासकीय राशि का भी बिना ग्राम पंचायत की बैठक के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लगभग 40 लाख रुपए शासकीय राशि का आहरण कर भ्रष्टाचार किए जाने का आरोप लगाया है।
इस दौरान ग्राम पंचायत के उपसरपंव जमुना सिन्हा, पंच रामनी बाई, भूमिसुता जगत, रुपा बाई नेताम, मुलता साहू, रुपते बाई, रहसो बाई, लोचनी बाई, ओमप्रकाश साहू, रायमन बाई, ईश्वर सोरी, पुस्तम धुव, फरस एवं जनपद सदस्य पुनीत राम सिन्हा ने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाए। वही पूर्व जनपद सदस्य गोपबंधु पटेल के द्वारा भी इस भ्रष्टाचार में बराबर के सहयोग होने का आरोप लगाया है तथा उनकी भी भूमिका की जांच करने की मांग की है। इस मौके पर प्रमुख रूप से मोतीलाल जगत, किलर राम साहू, प्यारेलाल पटेल, ईशु प्रकाश, गोवर्धन साहू, गंगाराम कोमर्रा, सुखरू राम, जगेश, प्रताप सागर, हुमकुमार, जुजेष्ठ, कुमेन्द्र यादव, सिध्देश्वर मांझी, रमेश माझी, नोहर कोमर्रा, भोले शंकर, घासीराम, अशोक पटेल, शामिल राम, माधुरी पटेल, अमरीका साहू, रोशनी साहू, त्रिवेणी, निलेन्द्री, भोले साहू, गीता साहू, शकीरा मांझी, जयंती साहू, गीतांजली, निर्मला, संकुलता पटेल, सैलेन्द्री जगत सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कई बार आवेदन दे चुके पर अब तक काईवाई नहीं हुई
ग्रामीणों ने कहा पिछले डेढ़ साल में एक बार भी ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित नहीं की गई है। रोजगार सहायक ने भी सरपंच, सचिव से मिलीभगत कर अनेक रोजगार मूलक कार्यों में अपने परिवार अथवा संबंधियों के नाम पर मास्टर रोल बनाकर राशि निकाली है। इस संबंध में जनपद से लेकर जिला कार्यालयों में 4-5 बार जांच के लिए आवेदन दिया जा चुका है किन्तु ऊंची पहुंच के चलते अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बिना बैठक के ही फर्जी प्रस्ताव बनाया : उपसरपंच
ग्राम पंचायत काण्डेकेला की उपसरपंच जमुना सिन्हा ने बताया ग्राम पंचायत में सरपंच नंदकिशोर कोमर्रा एवं सचिव द्रुप सिंह सोनवानी, रोजगार सहायक देवकुमार यादव द्वारा पंचों की अनदेखी करते हुए बिना पंचायत बैठक के फर्जी तरीके से प्रस्ताव कर नाली, चबूतरा, सीसी रोड निर्माण के लिए राशि आहरण कर भ्रष्टाचार किया गया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। इस गंभीर मामले को लेकर जनपद पंचायत मैनपुर, जिला सीईओ व कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

More Stories
एस्सेल माइनिंग की दो कोयला खदानों को निष्पादित करने में भारत में इस वर्ष कोयले की कमी हो जाएगी
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन-2023
युवाओं को दरकिनार करना लोकसभा चुनाव में भी पड़ सकता कांग्रेस पर भारी – अतुल मलिकराम (राजनीतिक रणनीतिकार)