February 19, 2026

आयुक्त की मौजूदगी में जेसीबी से तोड़ा प्लेटफार्म शहर के अंदरुनी हिस्से में अतिक्रमण हटाने की कवायद

सड़क के हिस्से में व्यवसाय करने, प्लेटाफार्म बनाने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश

राजनांदगांव@thethinkmedia.com

निगम अमले ने शहर के व्यस्ततम बाजार इलाकों में अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की है। पंजाब मेडिकल स्टोर्स सिनेमा लाईन तथा नंद लाल हार्डवेयर गुडाखू लाईन के सामने जेसीबी के माध्यम से प्लेटफार्म तोड़ा गया। हार्डवेयर के संचालक को जी रोड की ओर दुकान के सामने बने प्लेटफार्म को तोडने समझाईस दी गई। इन्हें पहले भी निगम द्वारा नोटिस जारी की गई थी। वहीं मानव मंदिर चौक सहित अन्य हिस्सों से सड़क के किनारे लगाई गई दुकानें भी हटाई गई है। शहर में लगे अवैध विज्ञापन बोर्ड भी हटवाने की कार्यवाही जारी है। आयुक्त ने निगम के तकनीकि अधिकारियों से कहा कि दुकानों के उपर बने प्लेटफार्म स्वत: हटाने संबंधितो को नोटिस जारी करें।
नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुवेर्दी ने आज यातायात प्रभारी अमित सिंह तथा निगम, पुलिस एवं यातायात की टीम के साथ सिनेमा लाईन, गुडाखू लाईन एवं स्टेशन रोड में पैदल भ्रमण कर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर पार्किंग स्थल पर समान रखने तथा शेड बाहर निकाल कर रेलिंग लगाकर समान रखकर व्यवसाय करने पर समान अंदर कराने व शेड निकालने, रेलिंग हटाने की कार्यवाही करने के साथ साथ समान दुकान के अंदर रखने की चेतावनी दी। शहर में लगे अवैध विज्ञापन बोर्ड भी हटाने की कार्यवाही की गई है। साथ ही नाली के उपर बने प्लेटफार्म हटाने की समझाईस देने के अलावा अधिकारियों को प्लेटफार्म हटाने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर के व्यस्तम मार्ग सिनेमा लाईन, हलवाई लाईन, सदर लाईन, गुडाखू लाईन, कामठी लाईन, रामाधीन मार्ग, जूनी हटरी, फल मार्केट सहित अन्य मार्गो के दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर पार्किंग स्थल में समान बाहर रखकर एवं समान बाहर लटकाकर व्यवसाय किया जाता है, जिससे यातायात बाधित होती है एवं वाहन पार्किंग व आवगमन में असुविधा होती है। आयुक्त डॉ. चतुवेर्दी ने गत सप्ताह यातायात प्रभारी एवं निगम व यातायात की टीम के साथ शहर भ्रमण कर दुकान की सीमा में समान रखने अपील करते हुये हटवाने की कार्यवाही की गई थी।

चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ घूमे थे आयुक्त

इस संबंध में अभियान के पूर्व चेम्बर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों की बैठक लेकर एवं उनके साथ शहर के प्रमुख मार्गो में पैदल भ्रमण कर दुकान के बाहर समान नहीं रखने, कपड़ा व अन्य सामान बाहर नही लटकाने एवं रोड तक निकले शेड व रेलिंग हटाने एक सप्ताह का समय देकर समझाईस दी गई थी। एक सप्ताह पश्चात भ्रमण कर हटवाने की कार्यवाही की गई थी। आज पुन: टीम के साथ शहर में भ्रमण कर सिनेमा लाईन, गुडाखू लाईन तथा स्टेशन रोड से समान हटवाने, शेड हटवाने की कार्यवाही की गई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

आयुक्त डॉ. चतुवेर्दी ने बताया कि शहर के व्यस्तम मार्ग के दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान की सीमा के बाहर प्लेटफार्म तथा सड़क पर सामान रखकर व्यवसाय किया जाता है। कपड़ा व अन्य सामान बाहर लटकाया जाता है, जिससे पार्किंग में असुविधा होने के साथ साथ यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जिसे ध्यान में रखते हुये शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानदारों द्वारा अपालन की स्थिति में नियम प्रावधानों के अनुरूप दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी। अतिक्रमण हटाने के दौरान कार्यपालन अभियंता यू.के.रामटेके,प्र.सहायक अभियंता संदीप तिवारी, होडिंग्स बोर्ड प्रभारी अशोक चौबे सहित निगम, यातायात व पुलिस का अमला उपस्थित था।

Spread the love