July 1, 2025

आखिर सिंहदेव का सब्र टूट ही गया, भावुक होकर कहा जब तक शासन की ओर से स्पष्ट जबाब नहीं आ जाता, मैं इस पवित्र सदन में रहना उचित नहीं समझता

रायपुर @cgpioneer.in
मंगलवार को जैसे ही छत्तीसगढ़ विधानसभा का प्रश्नकाल समाप्त हुआ। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बृहस्पति सिंह मामले को लेकर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को शासन का पक्ष रखने कहा, गृहमंत्री के वक्तव्य से विपक्ष असंतुष्ट होकर दोनों पक्षों टीएस सिंहदेव तथा बृहस्पति सिंह को सुनने तथा विधानसभा समिति से मामले की जांच कराने की मांग पर अड़ा रहा। मामले को लेकर खूब शोर-शराबा होते रहा। घटना दिन के बाद से लगातार खामोश बैठे टीएस सिंहदेव के सब्र का बांध अचानक टूट पड़ा, वे अपने सीट से उठ खड़े हुए, उन्होंने कहा बस अब बहुत हो गया मैं भी इन्सान हूं। रुंधे गले से सिंहदेव ने भरी सभा में कहा मेरे चरित्र के बारे में सभी जानते हैं मेरे माता-पिता ने क्या काम किया सब ये भी जानते हैं। उन्होनें कहा मैं नहीं समझता जब तक शासन की ओर से इस विषय पर स्पष्ट जबाब न आ जाए मैं इस पवित्र सदन में रहना उचित नहीं समझता। इतना कहकर सिंहदेव विधानसभा की कार्यवाही छोड़कर बाहर निकल पड़े। सिंहदेव के बाहर निकलते ही मीडिया ने उन्हें घेर लिया, पत्रकार लगातार सवाल करते रहे लेकिन सिंहदेव खड़े रहे उन्होनें वाकया के बारे में एक लब्ज तक नहीं कहा, सिंहदेव के बाहर निकलते ही स्कूल शिक्षा मंत्री टेकाम ने उन्हें मनाने की कोशिश की लेकिन सिंहदेव की नाराजगी अब सार्वजनिक हो चुकी है। वे किसी भी हाल में इस मामले को लेकर समझौते के मूड में नहीं दिख रहे। सिंहदेव सीधा अपने वाहन पर बैठे और चले गये। विधानसभा से उनके साथ एकमात्र विधायक शैलेष पाण्डे कार में दिखे।
क्या है मामला
पिछले दिनों रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने मीडिया को इक_ा कर अपने ही पार्टी के कद्दावर नेता प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव पर कई गंभीर अरोप लगाये। बृहस्पति सिंह ने मीडिया को बुलाकार कैमरे के सामने सिंहदेव पर आरोप लगाते हुए कहा- महाराजा टीएस सिंहदेव उनकी हत्या कराकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। यदि उनकी हत्या कराकर वे मुख्यमंत्री बन सकते हैं तो उन्हे ये पद मुबारक हो। मीडिया में सार्वजनिक तौर पर आरोप लगने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
गृहमंत्री सोये रहते हैं : कौशिक
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा गृहमंत्री सोये रहते हैं और दूसरे दिन उठकर आकर सदन में वक्तव्य देते हैं। इस विधानसभा में इससे ओछी हरकत दूसरी नहीं हो सकती कि विधायक मंत्री पर हत्या का आरोप लगा दे। गृहमंत्री के वक्तव्य पर यदि आसंदी सहमत है तो हमें कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी है।
सदन नोटीफाई हो चुका है एक विधायक एक मंत्री पर सार्वजनिक तौर पर हत्या का आरोप लगा रहे है, मामला बेहद गम्भीर : चंद्राकर
पूर्व मंत्री

कुरुद विधायक अजय चंन्द्राकर ने कहा सरगुजा के किसी चौक में घटी घटना की बात हम नहीं कर रहे थे। सदन नोटिफाई हो चुका है और एक विधायक एक मंत्री पर हत्या किये जाने का आरोप लगा रहे हैं ये गम्भीर है। ये कांसिपीरेंसी सामने आनी चाहिये। तो वही भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा बृहस्पति सिंह यदि सही कह रहे हैं तो मंत्री सिंहदेव पर कार्रवाई होनी चाहिये, यदि मंत्री सिंहदेव सही कह रहे हैं तो बृहस्पति सिंह पर कार्रवाई होनी चाहिये।
गृहमंत्री सिर्फ पीएसओ के झगड़े का जिक्र अपने वक्तव्य में कर रहे, लेकिन बृहस्पति सिंह ने कहा मुख्यमंत्री बनने के लिये सिंहदेव हत्या कराना चाहते है : धरमजीत सिंह
छजकां के वरिष्ठ विधायक धरमजीत सिंह ने कहा बृहस्पति सिंह ने अपने बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री बनने के लिए सिंहदेव हत्या कराना चाहते हैं। उन्होनें अपनी बात मीडिया के समक्ष सार्वजनिक तौर पर कही है, ये यक्ष प्रश्न है जो अभी भी खड़ा हुआ है। गृहमंत्री सिर्फ पीएसओ के झगड़े का जिक्र अपने वक्तव्य में कर रहे हैं। हत्या किये जाने के बृहस्पति सिंह के आरोप पर सदन में जवाब आना चाहिए।
कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया के छत्तीसगढ़ आगमन के दौरान ही क्यों बढती है राजनीतिक हलचल?
इस घटना के दौरान पीएल पुनिया समेत एआईसीसी के तीन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ में मौजूद रहे उसके बाद भी इतनी बड़ी राजनीतिक घटना कैसे हो गई इस पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। बृहस्पति सिंह जब मीडिया में सार्वजनिक तौर पर मंत्री टीएस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगा रहे थे तब उनके साथ कांग्रेस के दर्जनों विधायक मौजूद थे। लेकिन घटना की खबर सभी को मीडिया के माध्यम से मिली यह बड़ा आश्चर्य का विषय है। विधायकों की जुटने की खबर न तो संगठन के बड़े नेताओं को मिली न ही प्रभारी पीएल पुनिया को। वहीं सोमवार को इस मामले को सुलझाने पीएल पुनिया विधानसभा पहुंचे वहां काफी देर तक नेताओं से उन्होंने चर्चा की। निकलते समय मीडिया के समक्ष उन्होनें कहा कि विवाद सुलझ गया है। लेकिन आज के घटनाक्रम ने पूर मामले को ही पलट कर रख दिया है।
तकरीबन एक से दो घंटे बाद सिंहदेव फिर लौटे विधानसभा
विधानसभा सत्र के दौरान सदन छोड़कर चले जाने के बाद तकरीबन एक से दो घंटे बाद टीएस सिंहदेव फिर विधानसभा लौटे। परिसर स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में सीएम भूपेश तथा सभी मंत्रियों के साथ घंटों चर्चा चली। लेकिन निकलने के बाद टीएस सिंहदेव ने मीडिया के सवाल पर कहा मामला अभी भविष्य के गर्भ में है। जो भी जवाब देना होगा मुख्यमंत्री जी देंगे। इससे कयास लगाए जा रहे है कि टीएस सिंहदेव की नाराजगी अभी भी दूर नहीं हुई है। घटना की जानकारी आलाकमान तक पहुंचने की खबर है।
बृहस्पति सिंह को शोकाज नोटिस जारी
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह को कारण बताओं नोटिस जारी किया जाएगा उनसे जवाब मांगा जाएगा। पुनिया ने एक बार फिर दावा किया है कि कल तक इस मामले का समाधान हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बुलाई मंत्री परिषद की बैठक
फिलहाल विवाद का मामला थमते नजर नहीं आ रहा है। बृहस्पति सिंह तथा सिंहदेव विवाद को लेकर सियासी दंगल चालू है। संहदेव की नाराजगी अब सार्वजनिक होने पर बैठकों का दौर लगातार चालू है। विधानसभा के बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री निवास पर बैठक पर चर्चा की जा रही है।

Spread the love