लखनऊ @cgpioneer.in
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगले सात महीने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के शानदार भविष्य के लिये अत्यन्त महत्वपूर्ण और निर्णायक होने वाले हैं। अपने तीन दिवसीय दौरे के समापन से पहले उन्होने कांग्रेस पदाधिकारियों, पूर्व सांसद, विधायकों,फ्रंटल संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात में साफ किया कि प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर सभी महत्वपूर्ण फैसलों में सांगठनिक महत्व हर हाल मे अनिवार्य होगा। इसके साथ ही आगामी सात महीने यूपी कांग्रेस के शानदार भविष्य के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण और निर्णायक होने वाले हैं। कांग्रेसजनों को खुद के राजनैतिक स्वाभिमान और सम्मान के लिए कमर कसते हुए जन आंदोलन की पहचान के साथ संगठन खड़ा कर सरकार की जन विरोधी नीतियों का मुखर विरोध करना होगा। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि पार्टी अपने दमखम और मजबूत संगठन के साथ बेतहाशा मंहगाई, प्रदेश में बेकाबू हो रही बेरोजगारी, खेत मजदूरों, मझोले किसानों की दुर्दशा और प्रदेश में बढ़ रही महिला हिंसा, अपराध और सरकारी भ्रष्टाचार को प्रमुखता से मुद्दा बनाकर व्यापक रणनीति के साथ प्रदेश के समस्त ब्लाकों और न्याय पंचायतों पर लड़ाई लडऩे जा रही है, जिसका सारा खाका तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में कांग्रेस अपनी मजबूत विचारधारा के सिपाहियों के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में बहुत ही शानदार प्रदर्शन करने जा रही है। श्रीमती गांधी ने कहा कि असली लड़ाई बूथ पर है, इसलिए प्रदेश की आगामी विधान सभा चुनाव लडऩे के इच्छुक नेताओं को सबसे पहले अपने क्षेत्र में बूथ स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करना होगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय मुद्दों के अलावा प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिये जा रहे कार्यक्रमों और आंदोलन को लेकर बूथ स्तर पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं की मजबूत सेना तैयार करनी होगी। उत्तर प्रदेश की प्रभारी ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व जिलाध्यक्षों को सम्बोधित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए कि संगठन निर्माण की व्यापक चर्चा में उनके अनुभव को शामिल करने साथ ही मौजूदा युवा कार्यकर्ताओं, नेताओं के जोश को भी आधार बनाकर संगठन के निर्माण और संघर्ष की प्रक्रिया को अब और गति प्रदान करने की जरूरत है।
चौधरी और गोगोई अपने पदों पर बने रहेंगे
नयी दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा में अपने नेता अधीर रंजन चौधरी और उपनेता गौरव गोगोई को उनके पदों पर बरकरार रखने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद के मानसून सत्र से पहले पार्टी की संसदीय टीम का पुनर्गठन किया। इस सात सदस्यीय नयी संसदीय टीम में शशि थरूर और मनीष तिवारी को शामिल किया गया है। जबकि के सुरेश को लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाया गया है। रवनीत सिंह बिट्टू और मनिकम टैगोर को सचेतक बनाया गया है। राज्य सभा में कांग्रेस संसदीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, अम्बिका सोनी और दिग्विजय सिंह को सदस्य बनाया गया है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडगे बने रहेंगे। जरूरी होने पर दोनों टीमों की बैठक बुलाई जायेगी जिसके संयोजक खडगे होंगे। पिछले दिनों चौधरी को नेता पद से हटाये जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

More Stories
एनएमडीसी ने राष्ट्रीय पीआर महोत्सव 2023 में किया शानदार प्रदर्शन
एनएमडीसी ने राष्ट्रीय पीआर महोत्सव 2023 में किया शानदार प्रदर्शन
एयरफोर्स का MiG-21 विमान क्रैश