October 13, 2025

महिला मोर्चा में एक और विवाद, बिना जानकारी के महिला को बनाया गया मंडल अध्यक्ष

पारिवारिक व्यस्तता से घिरी फलेश्वरी को बिना बताये सौंप दी कमान, मोर्चे में पहले ही महामंत्री व अन्य की नियुक्ति से मचा है बवाल

राजनांदगांव@thethinkmedia.com

पंद्रह साल तक पूरे प्रदेश में सत्ता सरकार पर काबिज भाजपा अब इस तरह से अपने पदाधिकारियों की नियुक्ति कर रही है जिससे भविष्य में भाजपा की साख को बड़ा नुकसान हो सकता है। वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से खुद को खड़े करने के लिए हर मंडलों में सभी मोर्चा प्रकोष्ठों में मजबूत अध्यक्षों व पदाधिकारियों की नियुक्ति पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था लेकिन मौजूदा समय में जिस तरह से पदों का बंटवारा किया गया है उससे स्पष्ट तौर पर जाहिर होता है की भाजपा अपनी भद्द पिटाने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती।
पिछले दिनों जिला महिला मोर्चा की कार्यकारिणी के विस्तार के बाद से लगातार महिला मोर्चा दो धड़ों में बंटकर एक दूसरे के खिलाफ जहर उगलने का काम कर रही है। पारुल जैन व देवकुमारी साहू को महामंत्री बनाये जाने के अलावा कुछ उपाध्यक्ष व अन्य के खिलाफ भी विरोधी स्वर मुखर हैं। अब इसके बाद महिला मोर्चा के विवादों में एक और मामला जुड़ गया है जिसमे एक महिला के बिना जानकारी के उसे मंडल अध्यक्ष बना दिया गया है। उक्त महिला पारिवारि रूप से बहुत व्यस्त रहती हैं और खुलकर कहती हैं की वो पार्टी को समय नहीं दे सकतीं लेकिन फिर भी उन्हें मंडल अध्यक्ष बना दिया गया है।

प्रेसवार्ता लेकर विरोध करने के बाद रमन से करेंगी महिलायें मुलाकात

महिला मोर्चा की नियुक्ति में विवादों को लेकर महिलाओं का एक धड़ा अगले एक दो दिनों में पत्रकार वार्ता के माध्यम से विरोध दर्ज करने की तैयारी में है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ महिलायें पत्रकार वार्ता के बाद तुरंत पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह से मिलने भी जा सकती हैं जिसकी तैयारियां की जा रही हैं।

घुमका मंडल में बिना जानकारी के फलेश्वरी को बनाया गया अध्यक्ष

महिला मोर्चा की कार्यकारिणी विस्तार में घुमका मंडल में फलेश्वरी साहू को अध्यक्ष बनाया गया है। फलेश्वरी को अध्यक्ष बनाये जाने से पहले ना ही उससे पूछा गया और ना ही उन्हें बताया गया कि उन्हें अध्यक्ष बनाया जा रहा है। फलेश्वरी साहू पारिवारिक कारणों से बहुत व्यस्त रहती हैं और पार्टी को समय नहीं दे सकतीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घुमका मंडल से महिला मोर्चा के लिए माहेश्वरी साहू, फुलेश्वरी साहू, दुलेश्वरी साहू व फलेश्वरी साहू का नाम भेजा गया था। जिसमे मौजूदा महिला मोर्चा महामंत्री माहेश्वरी साहू को मंडल अध्यक्ष बनाये जाने की संभावनाएं प्रबल थीं लेकिन ऐसा ना कर के फलेश्वरी को अध्यक्ष बना दिया गया। इस मसले पर फलेश्वरी खुद कहती हैं कि वो मंडल की जिम्मेदारी नहीं सम्हाल सकतीं लेकिन बिना जानकारी के उन पर जिम्मेदारी थोप दी गई है।

प्रवक्ता पर भी धारा 40 के तहत हो चुकी है कार्यवाही, पार्टी से निष्कासन भी

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में जिला प्रवक्ता के पद पर जिस राजेश्वरी साहू को नियुक्त किया गया है वो भी पार्टी का निष्कासन झेल चुकी हैं और सरपंच के कार्यकाल के दौरान उन पर धारा 40 की कार्यवाही भी हो चुकी है। गौरतलब है कि राजेश्वरी साहू भाजपा के खिलाफ जिला पंचायत का चुनाव भी लड़ चुकी हैं बावजूद इसके उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है जिसका अब महिलाओं का एक धड़ा विरोध कर रहा है।

Spread the love